भास्कर संवाददाता| होशंगाबाद
भास्कर संवाददाता| होशंगाबाद
डीईओ ने चेतावनी दी है कि बोर्ड परीक्षाओं का परिणाम 70 फीसदी से कम नहीं होना चाहिए। यह चेतावनी गुरुवार को डीईओ ने बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों की समीक्षा बैठक में दी। बैठक में कई बिंदुओं पर चर्चा की। इसमें यह भी नीति बनाई गई कि परीक्षा केंद्र में केवल केंद्राध्यक्ष ही मोबाइल ले जा सकेंगे। विद्यार्थी या शिक्षक मोबाइल नहीं रख सकेंगे। केंद्र के अंदर किसी के पास मोबाइल मिला तो मोबाइल जब्ती की कार्रवाई होगी। केंद्राध्यक्ष का मोबाइल साइलेंस रहेगा।
डीईओ अरविंद चौरागड़े ने बताया गुरुवार को परीक्षा तैयारी की समीक्षा बैठक हुई। जिसमें 81 केंद्राध्यक्ष व 81 सहायक केंद्राध्यक्ष उपस्थित थे। एक मार्च से हायर सेकंडरी व 2 मार्च से हाईस्कूल परीक्षा शुरू होगी। 81 परीक्षा केंद्रों पर 36827 विद्यार्थी बैठेंगे। जिसमें कक्षा 10वीं के 22671 व कक्षा 12वीं के 14156 विद्यार्थी शामिल होंगे। चार नए केंद्र बनाए हैं।
हायर सेकंडरी-हाईस्कूल के प्राचार्यों और व्याख्याता को केंद्राध्यक्ष व सहायक केंद्राध्यक्ष बनाया है। 2013-14 की तुलना में 2014-15 में 10वीं का परिणाम 2.33 प्रतिशत कम रहा। जिसे सुधारने की चेतावनी दी है। हर हाल में 70 प्रतिशत से परिणाम चाहिए। 23 और 24 फरवरी को सुबह 10:30 बजे से उत्तर-पुस्तिका व प्रश्न पत्रों को वितरण एसएनजी स्कूल से होगा। गोपनीयता भंग नहीं करने के निर्देश दिए हैं।