बादल छंटेे, पचमढ़ी में 4.7 डिग्री चढ़ा पारा
भास्कर संवाददाता| होशंगाबाद
मौसम फिर बदला है। अचानक गर्मी का अहसास होने लगा है। पश्चिम विक्षोभ के कारण बने बादल छंट गए हैं। गुरुवार को पचमढ़ी में बादल छंटने से रात का पारा 4.7 डिग्री चढ़ा है। जबकि होशंगाबाद में दिन का पारा 1.1 डिग्री व रात का पारा 0.4 डिग्री सेल्सियस गिरा है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में धूप तेज होगी। गुरुवार को मौसम सामान्य था। दिन में तेज धूप थी। शाम को हल्के बादल आ गए। उसके पहले रात में भी बादल नहीं थे। इसके चलते अधिकतम तापमान 30.3 से कम होकर 29.2 डिग्री सेल्सियस पहुंचा था। इसमेंे 1.1 डिग्री की गिरावट आई। अधिकतम तापमान में दो दिन में यह बड़ी गिरावट है। इसके पहले बादल बनने से तापमान में तेजी से उछाल आया था। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात बादल छंट गए। जिसके बाद न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री से कम होकर 14.0 डिग्री पहुंच गया। 0.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। जबकि पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री से बढ़कर सीधे 11.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया, जिसमें 4.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है।