बालागंज में रात 11.45 बजे चाकू चले
दो आरोपी पुलिस की हिरासत में, घायल दो किशोर अस्पताल में भर्ती, हालात सामान्य
वारदात
भास्कर संवाददाता | होशंगाबाद
बालागंज में शनिवार की रात 11.45 बजे चाकूबाजी हो गई। वारदात में दो किशोर घायल हुए है। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। घायलों व परिजनों का आरोप है कि आरोपी युवकों ने उन पर चाकू से हमला किया। ये अक्सर रात में मोहल्ले में आते हैं। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
बालागंज निवासी नरेंद्र नागा पिता जगदीश नागा (16) व निक्की पिता दुलारे कनक (15) को रात में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। नरेंद्र का कहना था कि भोपाल चौराहा निवासी तन्नू बरमेले और पिपरिया निवासी अनिल कलपेरिया रात 11.45 बजे मोहल्ले में आए। मैं घर के बाहर खड़ा था इसी दौरान दोनों गाली-गलौज करने लगे।
उन्हें मना किया तो विवाद पर उतारू हो गए। इसी बीच तन्नू ने मुझे पकड़ लिया और अनिल ने मेरे पेट में चाकू मारे । मेरे साथ मामा का लड़का निक्की भी खड़ा था। अनिल ने उस पर भी चाकू से वार किया। निक्की के पिता दुलारे ने बताया आरोपी युवक रात में उनके परिवार की एक महिला से मिलने आते हैं। दोनों अपने को उसका भाई बताते हैं। अक्सर आकर विवाद करते हैं। आज चाकुओं से हमला कर दिया। इलाज करने वाले डॉ. राहुल पोटपोसे ने बताया नरेंद्र के पेट में तीन जबकि निक्की के पेट में एक घाव है। घाव ज्यादा गहरे नहीं है। दोनों की हालत ठीक है।
कोतवाली थाने के आरक्षक अनुपम शुक्ला ने किशोरोंकी एमएलसी कराई है। तन्नू और अनिल को हिरासत में लिया। रात 12 बजे तन्नू को भी एमएलसी कराने अस्पताल भेजा गया। उसके सिर सहित शरीर पर चोट के निशान थे। उसका कहना था कि वह अनिल की बहन से मिलने गया था। हम लोग बाहर खड़े थे, इसी दौरान बहन के परिवार वाले आए और रात में आने का कारण पूछने लगे। हम कुछ कहते उसके पहले ही मारपीट शुरू कर दी। बचाव में हमने भी हाथ चलाए। हम लोगों के पास चाकू नहीं था।
उन्हें कैसे चोट लगी हमें नहीं पता। अनिल ने भी चाकू मारने की घटना से इनकार किया। उसका कहना था कि निक्की और नरेंद्र के घर वाले हमें मार रहे थे, बचने के लिए हम सीधे थाने की ओर भागे। खबर लिखे जाने तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई थी। हालांकि तन्नू और अनिल हिरासत में थे।
घायल नरेंद्र
घायल निक्की