नर्मदा जयंती आज, सीएम करेंगे पूजा व अभिषेक, लेजर शो होगा
नर्मदा के आंचल में गूंजा जागो मां काली, जागो मां काली, झूमे श्रोता
नर्मदा जयंती महोत्सव की शनिवार को मंगलाचरण के साथ रंगारंग शुरुआत हो गई। मुख्य आयोजन रविवार को सेठानीघाट पर होगा। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान नर्मदा पूजन और आरती करेंगे। शाम को 5.30 बजे से जलमंच से मां नर्मदा की पूजा होगी। इसमें दूध अभिषेक और दीपदान होगा। रविवार को सेठानीघाट स्थित नर्मदा मंदिर और सुभाष चौक स्थित नर्मदा मंदिर में भी जन्मोत्सव मनाया जाएगा।
सीएम शिवराज सिंह चौहान शाम 5.15 बजे हेलीकॉप्टर से आएंगे। हेलीपेड एसपीएम विद्यालय परिसर में बनाया गया है। यहां से सीएम कार से सर्किट हाउस घाट जाएंगे। वहां से बोट के जरिये सेठानीघाट पहुंचेंगे। यहां वे पूजन, पाठ करेंगे। शाम 7.15 बजे वे भोपाल के लिए रवाना होंगे। कलेक्टर ने बताया सीएम दो घंटे तक रुकेंगे। इस दौरान वे सेठानी घाट पर होने वाले मुख्य आयोजन में हिस्सा लेंगे।
सेठानी घाट पर महाआरती करते श्रद्धालु।
ऐसे पहुंचे सेठानीघाट
सतरस्ता चौक से हलवाई चौक मार्ग चार पहिया वाहनों के लिए पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
एकता चौक से सराफा चौक और एकता चौक से कोरी घाट मार्ग पर भी दो पहिया, चार पहिया प्रतिबंधित रहेंगे।
एकता चौक से कोरी घाट होते हुए सेठानी घाट जा सकते हैं। दूरी 300 मीटर है 5 मिनट लगेंगे।
ये रास्ता बंद: सराफा चौक से झंडा चौक और सेंट्रल बैंक से जगदीश मंदिर गली तक दो पहिया, चार पहिया पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
ऐसे पहुंचे: सराफा चौक से सेठानी घाट की दूरी 200 मीटर है। यहां से पैदल पहुंचने में 5 मिनट लगेंगे।
नोट: ट्रैफिक प्रभारी देवेंद्र चंद्रवंशी ने बताया सुबह 11 बजे से व्यवस्था लागू होगी।
मंगलाचरण से शुरुआत
सेठानीघाट पर नर्मदा जयंती महोत्सव की शुरुआत शनिवार सुबह 9 बजे मंगलाचरण से हुई। मां नर्मदा की पूजा की और दूध से अभिषेक किया। मंगलाचरण करीब 20 मिनट चला। पूजा के बाद नर्मदाष्टक, भजन आरती की गई। अतिथियों ने नर्मदा को प्रदूषण मुक्त रखने की अपील की। अतिथियों ने बटन दबाकर कलर फाउंटेन का लोकार्पण किया। स्कूली बच्चों ने घाट पर नर्मदा, भगवान गणेश व अन्य तरह की रांगोली बनाई। युवतियों ने हाथों में मेहंदी रचाई।
लेजर शो से बढ़ेगा आकर्षण: इस बार महोत्सव का आकर्षण लेजर शो होगा। जलमंच से करीब 45 मिनट तक शो होगा। इसमें नर्मदा का जीवन चरित्र बताया जाएगा। लेजर शो के बाद सिंहस्थ नाद नाटिका की प्रस्तुति होगी। उज्जैन के कलाकार सिंहस्थ की जानकारी देंगे।
शुभारंभ में ही तंज कसे
शुभारंभ कार्यक्रम में शनिवार को सेठानीघाट पर अतिथि एक दूसरे पर तंज कसने में पीछे नहीं रहे। पूर्व विधायक गिरिजाशंकर शर्मा ने इसकी शुरुआत की। उन्होंने कहा महोत्सव बड़ा रूप ले रहा है लेकिन इसमें लोग व्यवधान डालते हैं। इस साल कार्यक्रम बिना व्यवधान के हो जाए ऐसी मां नर्मदा से कामना है। उनके उद्बोधन के बाद जब विधायक विजयपाल सिंह की बारी आई तो वे भी तंज कसने में नहीं चूके। उन्होंने कहा शुभारंभ कार्यक्रम में लोग नहीं आते है लेकिन मंचीय कार्यक्रम में भीड़ लग जाती है।
ऐसी रहेगी बल व्यवस्था
एसएफ सातवी बटालियन भोपाल से दो कंपनी हेड क्वार्टर आएगी। डीबीपी रिजर्व के 50 और जबलपुर एसएफ के 60 जवान नजर रखेंगे।
बैतूल के 26, रायसेन के 16 और हरदा के 14 जवान को अलग-अलग पाइंटों पर तैनात किया है।
आईजी और डीआईजी कार्यालय के 16, पुलिस लाइन के 34, नगर सेना के 50, अजाक थाने के 9 और लोकल जिला एसएफ के 15 जवानों की तैनाती चौक-चौराहों और मुख्य कार्यक्रम स्थल पर रहेगी।
जिला महिला बल की 30 जवान महिलाओं की मदद के लिए कार्यक्रम स्थल पर रहेंगी।
होशंगाबाद| नर्मदा के आंचल में शनिवार रात जागो मां काली, जागो मां काली, मां काली कलकत्ते वाली, चलो बुलावा आया है माता ने बुलाया है और शिर्डी वाले साईं बाबा आया हूं तेरे दर पर गूंज उठा। मुंबई के भजन गायक चरनजीत सिंह ने जब भजन गाने शुरू किए तो श्रोता मुग्ध हो गए। रात 9 बजे से शुरू हुई भजन संध्या, रात 12 बजे तक चली। साईं बाबा के भजनों पर खूब तालियां बजी। श्रोताओं ने भी गायक का साथ दिया। देवी जागरण कार्यक्रम का आरंभ नपाध्यक्ष अखिलेश खंडेलवाल, पूर्व मंत्री मधु हर्णे ने गायक चरनजीत का स्वागत कर किया।