दानापुर, बैंगलुरु और भोपाल सेमीफाइनल में
संभागीय कबड्डी प्रतियोगिता आज से
गोल नहीं माना तो भोपाल के खिलाड़ियों ने रैफरी से किया विवाद
गांधी मैदान पर चल रही अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता के अंतिम दो क्वार्टर फाइनल मैच शनिवार को हुए। लखनऊ साईं को हराकर भोपाल अकादमी ने 3-1 से मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। दूसरे मैच में बीआरसी दानापुर ने एनसीआर झांसी काे 1-0 से पराजित कर सेमीफाइनल में पहुंची। दोनों ही मैच गरमागरमी के माहौल में हुए। रैफरी के निर्णय पर खिलाड़ियों की आपत्ति के कारण पहला मैच 9 मिनट के लिए रोकना पड़ा। आयोजन समिति को भोपाल अकादमी की अनुशासनहीनता देखते हुए टीम को टूर्नामेंट से बाहर करने की चेतावनी देनी पड़ी। मैदान पर निर्णायक जबलपुर के रंजीत सिंह, सिवनी के रमीज कुरैशी, दिल्ली के राजकुमार वर्मा, जबलपुर के हसन अली रहे।
तीसरा क्वार्टर फाइनल मप्र अकादमी भोपाल और साईं लखनऊ के बीच हुआ। फर्स्ट हाॅफ के 26वें मिनट में भोपाल को शार्ट कॉर्नर का लाभ मिला जिसे विकास चौधरी ने गोल में बदला। सेकंड हॉफ में 42 वें मिनट में भोपाल के निजाम ने दूसरा गोल किया। 49 वें मिनट में लखनऊ ने पहला गोल किया। 52 वें मिनट में भोपाल के निजाम ने तीसरा गोल किया। भोपाल ने 3-1 से लखनऊ को पराजित किया।
चौथा मुकाबला एनसीआर झांसी और बीआरसी दानापुर के बीच हुआ। पहले हाफ में दोनों टीमें गोल नहीं कर सकी। सेकंड हाफ के 59 वे मिनट में दानापुर ने पहला गोल कर मैच जीत लिया।
आज होंगे सेमीफाइनल
क्वार्टर फाइनल मैच जीतकर चार टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बनाई है। सेमीफाइनल मैच रविवार को होंगे। पहला मुकाबला दोपहर 2 बजे से अकादमी भोपाल और एसबीआई भोपाल के बीच होगा। दूसरा शाम 4 बजे से कैनरा बैंक बैंगलुरु और बीआरसी दानापुर के बीच होगा। फाइनल मैच 15 फरवरी को होगा।
इटारसी। क्वार्टर फाइनल मैच में गोल मारने की कोशिश करते खिलाड़ी।