घर में घुसकर 50 हजार का सामान ले गए चाेर
भास्कर संवाददाता |सिवनीमालवा
नगर पालिका उपाध्यक्ष मुकेश मंसोरिया के छोटे भाई सुधीर मंसोरिया के शहीद पटेल कॉॅलोनी स्थित मकान पर बीती रात चोरों ने हाथ साफ कर दिया। मुकेश मंसोरिया ने बताया छोटा भाई और बहू परिवार सहित भतीजी की सगाई में होशंगाबाद गए थे। रात 12 बजे लौटे तो घर में सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। चोर पीछे से छत कूद कर घर में अंदर घुसे थे। सुधीर ने जाते समय सामने की चैनल गेट में तो ताला लगा दिया लेकिन दरवाजे में ताला लगाना भूल गए थे। इस कारण चोर दरवाजा खोलकर सीधे घर में आ गए और बरतन, कपड़े, मोबाइल सहित शादी के लिए खरीदा सामान चुराकर ले गए। घर में रखा खाना एवं सामग्री खाई और सामान बिखेर दिया। चोरी में लगभग 50 हजार रुपए का नुकसान होना बताया जा रहा है।
उपनिरीक्षक आशुतोष उपाध्याय ने बताया चोरी के मामले में महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। केस दर्ज कर लिया है।