सीई के निरीक्षण, फिर भी नहीं सुधरी व्यवस्थाएं
दो घंटे के निरीक्षण में सामने आई थी कमियां, प्रबंधक ने कर्मचारी कम होने की बात कहकर झाड़ा पल्ला
आव्यवस्था
भास्कर संवाददाता | होशंगाबाद
जबलपुर जोन के सीई सामान्य जीएम गोयल के शुक्रवार को स्टेशन का निरीक्षण करने के बाद दूसरे दिन भी स्थिति की जस की तस दिखाई दी। अधिकारियों पर फटकार का कोई असर नहीं हुआ। इससे यात्रियों को राहत मिलती नजर नहीं आ रही।
शनिवार को स्टेशन पर व्यवस्था जस की तस थी। कोई सुधार नहीं हुआ। टॉयलेट की स्थिति पहले जैसी ही है। केवल टायलेटों के सामने रखे पुराने डस्टबिन बदले गए हैं। जाले नहीं हटे हैं। उच्च श्रेणी वेटिंग रूम की लाइट भी ठीक नहीं हुई। इस रूम के टॉयलेट में बंद फ्लैश चालू नहीं किया है। स्टेशन, टिकट विंडो के सामने और ब्रिज के ऊपर फैली गंदगी को हटाने महज खानापूर्ति की है। साइकिल और मोटरसाइकिल स्टैंड पर तो कोई सुधार ही नहीं हुआ। सालों से खड़ी पुरानी मोटरसाइकिलों को ठेकेदार ने नहीं हटाया, पार्किंग तय सीमा से बाहर हो रही है। इसे सीई ने हटाने के निर्देश दिए थे जिसमें कोई सुधार नहीं हुआ है। प्लेटफार्म नंबर एक और दो के परिसर में पार्किंग बेतरतीब है।
शुक्रवार को जबलपुर जोन के चीफ इंजीनियर गाेयल सामान्य होशंगाबाद स्टेशन का निरीक्षण करने आए थे, उन्होंने दो घंटे तक स्टेशन का बारीकी से निरीक्षण किया। पीने के पानी और गंदगी पर अधिकारियों को जमकर फटकार भी लगाई थी। तुरंत सुधार करने को कहा था, लेकिन कोई असर नहीं हुआ।
स्टेशन प्रबंधक बोले: कर्मचारियों की कमी है
इस संबंध में स्टेशन प्रबंधक आरपी मगरैया से जब बात की तो उन्होंने बताया सफाई व्यवस्था के लिए उनके पास कर्मचारियों की कमी है। वे सीई को इससे अवगत करा चुके हैं। साथ ही सफाई कर्मचारियों की मांग भी की है। सवाल ब्रिज के ऊपर की गंदगी साफ करने और पुताई करने का है तो वह काम शुरू कराया जाएगा। टंकी के नीचे की साफ-सफाई के लिए आईओडब्ल्यू को सुधार करना है। वे सीपेज ठीक कर रहे हैं। स्टैंड ठेकेदार को सख्त हिदायत दी है कि वह पुरानी मोटरसाइकिलों को हटवा दें। निर्धारित स्थान पर ही पार्किंग करें। इधर आईओडब्ल्यू के इंजीनियर हीरामन युवने ने कहा सीई के निर्देश पर सीपेज ठीक कर रहे है लेकिन एक दिन का काम नहीं है। टंकी बाहर से भले ही खस्ताहाल दिखे, लेकिन अंदर नियमित साफ-सफाई कर रहे हैं।