दो बच्चों के साथ पथरौटा के पास खेत में दिखी मादा रीछ
इटारसी | पथरौटा में प्रकाश नगर कॉलोनी के पीछे बुधवार शाम खेत में दो बच्चों के साथ मादा रीछ को पानी दे रहे बबलू उईके ने देखा। खेत मालिक पप्पी रावत को इसकी सूचना दी। रावत ने वनदेव चौकी को बताया। रेंजर लखनलाल यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गीले खेत में मादा रीछ के दाे बच्चों के पगमार्क मिले हैं। टीम ने रात 8 बजे तक रीछ की तलाश की, लेकिन वह नहीं दिखी। रेंजर ने खेतों में पानी देने के दौरान सावधान रहने की हिदायत दी है। नागपुर कला, घाटली पांडरी के पास रीछ पहले भी खेतों में इस क्षेत्र के किसानों को दिखा है। लगभग दो माह पूर्व आर्डनेंस फैक्टरी मार्ग पर पांच आम के पास घूमने गए पथरोटा के एक युवक पर रीछ ने हमला कर दिया था। जिससे युवक के पैर को रीछ ने घायल कर दिया था।