कृषि मंडी खरीदेगी फायर ब्रिगेड आग लगने पर खुद करेंगे इंतजाम
जिले की सबसे बड़ी ए ग्रेड इटारसी कृषि उपज मंडी में फायर ब्रिगेड नहीं है। फायर ब्रिगेड की खरीदी का प्रस्ताव मंडी समिति की बैठक में एन वक्त पर अाया। ताज्जुब की बात तो यह है कि यह प्रस्ताव बैठक के एजेंडे में रखा ही नहीं गया था। मंडी सचिव सुनील गौर के सामने मंडी उपाध्यक्ष सोहनलाल मालवीय दमकल का प्रस्ताव लेकर आए। उन्होंने कहा, एजेंडे में यह प्रस्ताव शामिल किया जाए। मंडी समिति के सभी सदस्यों की सहमति के बाद यह प्रस्ताव शामिल हो गया। एजेंडे में 11 प्रस्ताव शामिल थे। मंडी से जुड़े दो प्रस्तावों को जुड़वाने पर 13 प्रस्ताव पारित किए गए।
गर्मी का मौसम आ रहा है। मंडी में आग से सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। यहां एक भी फायर ब्रिगेड नहीं है। मंडी में आगजनी की घटना हो जाए तो नगरपालिका की फायर ब्रिगेड को बुलाना पड़ता है। मंडी में फायर ब्रिगेड होगी तो आगजनी की अापात स्थिति से तुरंत निपटा जा सकेगा है। अध्यक्षता कर रहे मंडी अध्यक्ष विक्रम तोमर ने कहा मंडी बोर्ड से स्वीकृति लेकर हम फायर ब्रिगेड मंडी के फंड से खरीदेंगे। मंडी सचिव गौर का कहना है कि अभी तो प्रस्ताव ही पारित हुआ है। दमकल कब तक आएगी, अभी यह नहीं बता पाएंगे। बैठक में मंडी सदस्य सतीश मेहतो, शंकरलाल उइके, गीता बाई, जमना बाई, कीर्ति वर्मा, चंदा तोमर तुलावटी, हम्माल सदस्य कल्लू यादव सहित मंडी के अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।
बैठक में उठे ये मुद्दे
मंडी अध्यक्ष तोमर ने कहा, कृषि विपणन पुरस्कार योजना का पहले प्रचार तो हो। उसके बाद ड्राॅ खोला जाए। प्रचार होगा तो आसपास के गांवों के किसान ड्राॅ में शामिल हो सकेंगे।
मंडी प्रांगण में जो निर्माण कार्य हो रहे हैं। वहां बोर्ड लगाए जाएं, जिसमें निर्माणाधीन कार्य का पूरा विवरण लिखा हो।
केसला, सुखतवा में कृषि उपज मंडी की जगह बिना सीमांकन के खाली पड़ी है। इस जमीन का सीमांकन मंडी के लिए कराया जाए। ताकि जमीन पर कब्जा नहीं हो सके।
शेड को मिल गई हरी झंडी
मंडी में तीन हजार मैट्रिक टन क्षमता वाले गोदाम नंबर-1 व 2 के सामने सीमेंट-कांक्रीट सड़क बनेगी। गोदाम के सामने कच्ची सड़क होने से यहां तक वाहनों की आवाजाही नहीं हो पाती है।
मंडी प्रांगण की मुख्य सड़क डब्ल्यूबीएम व सीमेंट की बनेगी। मंडी प्रांगण में बने शेड में दो कलर का रंग किया जाएगा। बारिश के मौसम में शेड के टीन में जंग नहीं लगेगी।
मंडी केब के बीच में जो जगह खाली पड़ी है। उसे पक्का कराया जाएगा। परिसर में छायादार शेड बनाए जाएंगे।
मेन गेट के पास बनेगा पार्क
मंडी में किसानों की सुविधा के लिए निर्माण कार्य कराए जा रहे हंै। मंडी में किसानों को आराम के लिए मेन गेट के पास पार्क बनेगा। जिससे किसानों को इसका लाभ मिलेगा। विक्रम तोमर, मंडी अध्यक्ष
इटारसी| कृषि उपज मंडी में हुई बैठक ।
बैठक के एजेंडे में यह सब
विगत 8 जनवरी को हुई बैठक की कार्रवाई का अनुमोदन किया।
जनवरी की आय 83 लाख 16 हजार रुपए हुई। 74 लाख 30 हजार रुपए व्यय हुआ।
वरिष्ठालय से प्राप्त पत्रों के अवलोकन पर विचार हुआ।
कैप कवर्ड करने का काम अधोसंरचना विकास निधि व मंडी निधि से होगा।
मंडी प्रांगण में 5 यूरिनल व शौचालय बनवाए जाएंगे।
मंडी गेट के पास पार्क निर्माण।
मुख्य सड़क पर डब्ल्यूबीएम व सीमेंट कांक्रीट करना।
गोदाम नंबर 1 व 2 के सामने सीमेंट कांक्रीट सड़क स्थाई निधि से बनाना।
माह का दूसरे व तीसरे शनिवार का अवकाश निरस्त करना।
बालाजी इंटरप्राइजेस को धान पर दी गई छूट का अनुमोदन।
कृषि विपणन पुरस्कार योजना का ड्राॅ खोलना।
गोपाल राय और मोहन पालीवाल को अन्य मंडी से इटारसी मंडी में लाने का प्रस्ताव।
- मंडी की खुद की फायर ब्रिगेड होना। इसकी खरीदी पर सहमति।