व्यापारी की आंख में मिर्ची झोंकने वाले दो गिरफ्तार
11 दिन पहले लूट की कोशिश का मामला
रात में व्यापारियों के साथ राहजनी और खुद के मोहल्ले में चोरी करने वाले दो युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गए हैं। इन्हीं दोनाें ने 11 दिन पहले विश्वनाथ टॉकीज रोड पर कपड़ा व्यापारी की आंखों में मिर्च पावडर डालकर 50 हजार रुपए से भरा बैग लूटने की कोशिश की थी। इनमें एक आरोपी प्रदीप भाट (28) है जो जिला बदर होने के बावजूद शहर में घूम रहा था। इसी ने मोहल्ले के 19 साल के दिनेश राजपूत को साथ लेकर व्यापारी को लूटने का प्रयास किया था। वारदात को लेकर आईजी तक से शिकायत की गई थी। दोनों आरोपियों को पुलिस ने शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजने के आदेश हो गए।
व्यापारी को लूटने की कोशिश करने के बाद रात में ही सिंधी समाज के लोग सिटी थाने पहुंचे थे। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली थी। बाद में समाज के लोगों ने एसपी को ज्ञापन सौंपा। इटारसी से निकलते समय खुद आईजी ने व्यापारी से थाने में घटना के बारे में बात की थी।
पुलिस जांच टीम ने की निगरानी
लूट व चोरी की घटनाओं का सुराग लगाने एसडीओपी व टीआई ने थाने की एक टीम गठित की जिसमें सब इंसपेक्टर सुरेंद्र वटकर, एएसआई संजय रघुवंशी, हेड कांस्टेबल हर्षित मौर्य, कांस्टेबल आशीष शर्मा शामिल थे। टीम ने भाट मोहल्ले के दोनों बदमाशों को घूमते हुए पाया। पूछताछ करने पर उनकी असलियत सामने आ गई।
भाट मोहल्ले का प्रदीप पिता संतों भाट को हाेशंगाबाद से जिला बदर किया गया था। वह पुलिस को चकमा देकर शहर में ही घूमता रहा। जिला दंडाधिकारी के आदेश की अवहेलना करने पर मप्र रासुका 1990 की धारा 14 भी उस पर लगाई गई है।
1 व्यापारी पर मिर्च पावडर डाला
एक फरवरी की रात लगभग साढ़े नौ बजे जवाहर क्लाथ मार्केट से दुकान बंद करके कपड़ा व्यापारी राकेश चेलानी (36) बाइक से घर जा रहे थे। उनके बैग में 50 हजार रुपए रखे हुए थे। गोदड़ी वाला नगर की गली में चेहरे पर कपड़ा बांधे दो बदमाश खड़े थे। बाइक करीब आने पर बदमाशों ने व्यापारी पर लाल मिर्च पावडर डाला। बदमाशों की बदनीयती व्यापारी राकेश भांप गए। उन्होंने बाइक नहीं रोकी और आगे तक निकल गए। शोर मचाने पर लोग घरों से बाहर निकल आए। यह देख बदमाश भाग निकले थे।
2 मोहल्ले में ही कर ली चोरी
लूट करने में विफल रहे दोनों बदमाश अपने ही मोहल्ले में बालाजी मंदिर के पास रहने वाले नरेंद्र कुमार मालवीय के घर में 8 फरवरी की रात दीवार फांदकर चोरी करने घुसे थे। घर के लोग सो रहे थे। बदमाशों ने वहां रखे तीन मोबाइल फोन और नकदी 10 हजार रुपए चुरा लिए। ये मोबाइल नोकिया, माइक्रोमैक्स व सेमसंग कंपनी के थे। पुलिस ने बदमाशों से मोबाइल फोन व नकदी बरामद किए हैं।