ड्रेस कोड पर हेडमास्टर असहमत, विरोध जताया
शिक्षक ड्रेस कोड लागू करने के आदेश पर यहां संकुल केंद्र के स्कूलों के हेडमास्टर असहमत हैं। शिक्षकों की राय जानने प्रायमरी से लेकर हायर सेकंडरी स्तर तक के हेडमास्टरों की बैठक बुलाई गई। यह बैठक शासकीय बालक हायर सेकंडरी संकुल केंद्र पर मंगलवार को हुई। इसमें 15 स्कूलों के हेडमास्टरों ने लिखित तौर पर असहमति दे दी। उन्होंने ड्रेस कोड के आदेश को निरस्त करने की मांग की।
लोक शिक्षण संचालनालय संयुक्त संचालक का यह आदेश संभाग आयुक्त ने स्कूलों में पालन करवाने भेजा था। इस आदेश पर मप्र शिक्षक संघ जिला इकाई ने विरोध जता दिया है। शिक्षकोें का कहना है कि आदेश जारी करने के पहले शिक्षक संगठनों की बैठक बुलाकर राय लेनी थी।
संघ के अध्यक्ष अजय दुबे ने कहा शिक्षकों को गैर शैक्षणिक कार्य के लिए प्राय: स्कूल से बाहर जाना पड़ता है। ड्रेस कोड में रहने पर लोग कहेंगे स्कूल छोड़कर मास्टर बाहर घूम रहे हैं। संघ उपाध्यक्ष राजकुमार दुबे ने कहा अंग्रेजों के राज में शिक्षकों के लिए ड्रेस कोड था। संघ के तहसील अध्यक्ष बैनी चौरे का सुझाव है कि ड्रेस कोड लागू करने की बजाय शिक्षकों को अशोभनीय वस्त्रों से परहेज करने एवं ना मानने पर जुर्माना करने का प्रावधान होना चाहिए। तहसील सचिव सुरेश चिमानिया ने कहा, अगर ड्रेस कोड लागू होता है तो शिक्षक गैर शैक्षणिक कार्यों का बहिष्कार करेंगे।