सब स्टेशन पर नया कंट्रोल पेनल चालू, 8.25 घंटे बंद रही बिजली
इटारसी | पीपल माेहल्ले के 33/11 केवी सब-स्टेशन पर नया कंट्रोल पेनल सोमवार को स्थापित कर चालू कर दिया। इस कार्य के दौरान 8 फरवरी को साढ़े आठ घंटे पूरे शहर में बिजली सप्लाई नहीं की गई। बिजली कंपनी के एई टाउन अशोक दीक्षित ने बताया 33 केवी के पहले और दूसरे फीडर की सप्लाई बंद रखी गई। इसके चलते सुबह 9 बजकर 20 मिनट पर बिजली सप्लाई बंद कर दी गई। शाम 5.45 बजे तक बिजली गुल रही। इससे पूरा इटारसी शहर प्रभावित रहा। खेड़ा औद्योगिक क्षेत्र के साथ नगरपालिका एवं रेलवे वॉटर वर्क्स पर भी बिजली प्रदाय बाधित रहा।
अस्पताल में जनरेटर से हुए सीजर : सोमवार को पूरे शहर की विद्युत आपूर्ति बंद रहने से अस्पताल में मरीजों पर कोई असर नहीं पड़ा। बिजली गुल रहने के दौरान दो प्रसूता महिलाओं के ऑपरेशन में भी कोई दिक्कत नहीं आई। बिजली गुल होने की स्थिति में दोनों प्रसूता महिलाओं के ऑपरेशन थिएटर में जनरेटर का उपयोग कर ऑपरेशन किए गए। सुबह 9.20 बजे बिजली गुल हुई थी जो शाम 5.45 बजे आई।