पटरी के नीचे लगाए तीन बॉक्स, तीन आज लगेंगे
अंडरब्रिज बॉक्स लगाने का काम डाउन ट्रैक पर बुधवार सुबह 8 बजे से शुरू हो गया था। पोकलेन और जेसीबी की मदद से ट्रैक के नीचे मेजरमेंट मिलान कर खुदाई की। इसके बाद 200 टन क्षमता वाली क्रेन की मदद से ट्रैक के नीचे रखे जाने वाले 50-50 टन वजनी तीन सीमेंटेड बॉक्स फिट किए गए। इसके बाद पटरियां जोड़कर रूट क्लियर किया। यह काम शाम करीब 8 बजे चलता रहा। इसके बाद डाउन ट्रैक पर ही बाकी के तीन बॉक्स आगे की तरफ गुरुवार को सुबह लगाए जाएंगे। बुधवार रात 8 बजे डाउन ट्रैक पर 3 बॉक्स लगाए गए। बाकी के 6 बॉक्स अप ट्रैक के नीचे 13 फरवरी को लगाए जाएंगे। इस दिन 7 घंटे का ब्लॉक घोषित है। इस प्रकार कुल 12 बॉक्सों की मदद से अंडरब्रिज बनकर तैयार होगा। बॉक्स लगने के बाद नीचे सीमेंटीकरण होगा। वहीं रेलवे की सीमा तक करीब 100 मीटर लंबी रोड भी बनेगी। अंडरब्रिज के आसपास नाली और बाउंड्री बनना भी प्रस्तावित है।
डाउन ट्रैक पर काम चलने के कारण अप ट्रैक से ट्रेनों का संचालन होते रहा। जबलपुर और इटारसी की ओर से आने-जाने वाली ट्रेनों को एक ही रूट से निकाला गया। स्टेशन प्रबंधक जगन्नाथ मीणा ने बताया अप ट्रैक चालू रखा था इसलिए ट्रेनों का संचालन प्रभावित नहीं हुआ। ट्रैक खाली होने पर ट्रेनों का संचालन किया गया। गौरतलब है कि काम बड़ा होने के कारण रेलवे अधिकारियों ने टुकड़ों में काम की अनुमति ली थी। जिससे काम भी चल रहा है और ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित नहीं हो रहा है।
11 और 12 फरवरी को क्या होगा
11 और 12 फरवरी को डाउन ट्रैक के पास किए काम के बाद फिनिशिंग होगी। जरूरी तकनीकी काम पूरा किया जाएगा। इसके बाद मशीनें अप ट्रैक के पास शिफ्ट होंगी। मशीनों को शिफ्ट होने और काम के लिए तैयार करने में 1 दिन का समय लग जाएगा। इसके बाद 13 फरवरी से काम होगा। ट्रैक के नीचे बॉक्स फिट होने के बाद इनकी चौड़ाई और लंबाई 5 मीटर होगी। इतनी ऊंचाई चौड़ाई से सभी वाहन आसानी से निकल सकेंगे।
विधायक ने लिया निर्माण काम का जायजा
विधायक ठाकुरदास नागवंशी दोपहर 12.30 बजे निर्माण स्थल पहुंचे और निर्माण काम का जायजा लिया। विधायक मौके पर करीब 1 घंटे तक रुके। इस दौरान दमोह के पूर्व सांसद एवं कांट्रेक्टर चंद्रभान सिंह, रेलवे चीफ इंजीनियर ब्रिज आरएन सोनकर सहित रेलवे के सभी आला अधिकारी मौजूद थे। अधिकारियों ने विधायक को काम की विस्तृत जानकारी दीं। विधायक ने अधिकारियों को अवगत कराया कि अंडरब्रिज बनने से लोगों की बड़ी राहत मिली है।
पिपरिया। डाउन ट्रैक के नीचे बॉक्स फिट करती मशीनें।