आज अप ट्रैक के नीचे फिट होंगे बॉक्स
पिपरिया | अंडरब्रिज बॉक्स लगाने का आखिरी दौर का काम शनिवार सुबह 8 बजे से शुरू होगा। दोपहर 3 बजे तक लगातार काम चलेगा। शनिवार को अप ट्रैक के नीचे 50-50 टन वजन के 6 सीमेंटेड बॉक्स लगाए जाएंगे। डाउन ट्रैक पर 6 बॉक्स लग चुके हैं। 12 बॉक्स लगकर करीब 18 मीटर लंबा अंडरब्रिज बन जाएगा। बॉक्स फिटिंग के बाद बॉक्सों की पैकिंग और जरूरी मरम्मत का काम होगा। रेलवे सीमा क्षेत्र में एप्रोच रोड रेलवे इंजीनियरिंग विभाग बनवाएगा। शुक्रवार को दिन में काम चला। इसमें शनिवार को सुबह से लगने वाले काम की तैयारियां की गईं। शनिवार को ब्लॉक घोषित है दिन में लगातार 7 घंटे काम चलेगा इस दौरान डाउन ट्रैक से ट्रेनों का संचालन होगा। शुक्रवार को रेलवे के डिवीजनल इंजीनियर सहित अन्य अधिकारियों ने मौके पर जरूरी काम कराया। अप ट्रैक तरफ मशीनें पहुंच गई हैं।
काम के दौरान ट्रेनों का संचालन धीमी गति से होता है। इसलिए रेलवे गेट कई बार देर तक बंद रहता है। जिसके कारण इंतजार और जाम की परेशानियों से लोग जूझ रहे हैं। हालांकि अब यह परेशानी कुछ समय बाद समाप्त हो जाएगी। अंडरब्रिज के नीचे से यातायात 20 दिनों के बाद शुरू हो जाएगा।
पिपरिया। अप ट्रैक पर काम की तैयारियां कराते रेलवे अधिकारी।