48 लाख से सुधरेगी 6 किमी लंबी धूपगढ़ रोड
पिपरिया | पचमढ़ी के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल धूपगढ़ तक जाने वाली सड़क सहित अन्य आंतरिक सड़कें बदहाल हो रही हैं। सड़कों से डामर उखड़कर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। जिससे वाहन चलाना मुश्किल हो रहा है। करीब 6 किलोमीटर लंबी धूपगढ़ रोड और 13 किलोमीटर की आंतरिक रोडों की हालत खराब है। लंबे अर्से से सड़कें बदहाल पड़ी हैं। 1 मार्च से यहां महाशिवरात्रि मेला भी शुरू होने वाला है। जिसमें प्रदेश सहित महाराष्ट्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आएंगे। पचमढ़ी पीडब्ल्यूडी ऑफिस से मिली जानकारी के मुताबिक 6 किलोमीटर लंबी धूपगढ़ रोड के लिए टेंडर हो चुके हैं। एग्रीमेंट होकर मार्च माह से काम शुरू होगा। यह रोड करीब 48 लाख रुपए की लागत से सुधरेगी। इसी प्रकार आंतरिक रोडों के लिए भी टेंडर हुए थे लेकिन कांट्रेक्टरों ने ज्यादा रेट डाले जिससे टेंडर निरस्त हो गए। अब दोबारा टेंडर होंगे। यह सड़कें करीब 1 करोड़ 70 लाख रुपए की लागत से सुधरेंगी। अधिकारियों के मुताबिक धूपगढ़ रोड का काम मार्च माह में शुरू होगा। पचमढ़ी प्रदेश का एक मात्र हिल स्टेशन है। पर्यटक स्थल धूपगढ़ समुद्र सतह से 4,429 फीट की ऊंचाई पर है। यहां के सूर्यास्त का नजारा और प्राकृतिक सौंदर्य सैलानियों को आकर्षित करता है। प्रसिद्ध पर्यटक स्थल की रोड बदहाल है। हालांकि टेंडर हो चुके हैं। कांट्रेक्टर से एग्रीमेंट होने के बाद काम शुरू होंगे। यहां दूर-दूर से सैलानी घूमने आते हैं। सड़कों की बदहाली के कारण स्थानीय लोगों के अलावा सैलानियों को भी परेशानी होती है। लंबे अर्से से पचमढ़ी की सड़कों की बदहाली दूर नहीं हुई है। ठेकेदार नहीं मिलने और कई तकनीकी कारणों से काम रुके रहते हैं। जिससे सुविधाएं मिलने में देरी होती है।