किशोरी ने दिया मृत बच्चे को जन्म, युवक पर दुष्कर्म का केस दर्ज
पिपरिया| पचमढ़ी थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली 16 साल की नाबालिग द्वारा बच्चा फेंके जाने के मामले में पुलिस ने युवक के खिलाफ दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज किया है। नाबालिग नेे नवजात को गांव के पास खाली मैदान में छिपा दिया था। शव तीन दिन पहले पुलिस को मिला। छानबीन हुई तो किशोरी के मां बनने का मामला सामने आया। पचमढ़ी थाना प्रभारी चंद्रशेखर भगत ने बताया लड़की नाबालिग है इसलिए दुष्कर्म का केस युवक के खिलाफ दर्ज कर जांच कर रहे हैं। किशोरी से युवक के बारे में पूछताछ की जा रही है। थाना इंचार्ज ने बताया नाबालिग दसवीं की छात्रा है। पुलिस ने बताया आरोपी व्यस्क है और मटकुली के आसपास किसी गांव का है। उसकी तलाश की जा रही है। जैसे ही वह गिरफ्त में आएगा सभी पहलू सामने आ जाएंगे। फिलहाल युवक का नाम गोपनीय रखा है। थाना प्रभारी ने बताया नाबालिग पर मृत बच्चे को फेंकने का केस दर्ज किया है। जमानती मामला होने से उसे जमानत मिल गई। विवेचना चल रही है। किशोरी का मेडिकल कराया है।