आज डाउन ट्रैक के नीचे फिट होंगे सीमेंटेड बॉक्स
अंडरब्रिज बाॅक्स लगाने बुधवार सुबह 7 बजे से काम शुरू होगा। मंगलवार को समय में संशोधन किया है। 8 घंटे के मेगा ब्लॉक में डाउन ट्रैक के नीचे 6 सीमेंटेड बॉक्स लगाए जाएंगे। एक बॉक्स का वजन करीब 50 टन (500 क्विंटल) है। इस प्रकार के 300 टन वजन के 6 सीमेंटेड बॉक्स बुधवार को ट्रैक के नीचे फिट होंगे। 13 फरवरी को 7 घंटे के ब्लॉक में अप ट्रैक के नीचे 6 बॉक्स फिट होंगे। इस प्रकार ट्रैक के दोनों ओर 12 सीमेंटेड बॉक्स फिट होंगे। यह बॉक्स मिलकर 18 मीटर लंबा अंडरब्रिज तैयार करेंगे। जो ट्रैक के दोनों ओर खुलेगा। जबलपुर मंडल पीआरओ केके दुबे ने बताया डाउन ट्रैक पर काम चलने के कारण अप ट्रैक को चालू रखा जाएगा। यदि काम के दौरान दोनों ट्रैक बंद की स्थितियां बनीं तो ट्रैफिक रोका भी जा सकता है। दुबे ने बताया यदि बॉक्स फिटिंग के दौरान वाइब्रेशन होता है तो रेल ट्रैफिक रोकना पड़ सकता है। ट्रेनों को इटारसी और जबलपुर के बीच कहीं भी रोका जा सकता है। अंडरब्रिज का यह काम 14 फरवरी तक चलेगा।
जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह रेलवे इंजीनियरिंग विभाग जबलपुर मंडल के सभी आला अधिकारी पिपरिया में रहेंगे। चीफ ब्रिज इंजीनियर आरएन सोनकर भी पिपरिया में मॉनीटरिंग करेंगे। मंगलवार देर रात सभी अधिकारी पिपरिया पहुंच गए। मौके पर दो बड़ी क्रेन, पोकलेन, जेसीबी सहित अन्य जरूरी उपकरण मौजूद हैं। मंगलवार को दिन भर रेलवे विभाग के अधिकारी तैयारियां कराते नजर आए।
काम पूरा होने के 20 दिन बाद शुरू होगा अंडरब्रिज से ट्रैफिक
14 फरवरी तक अंडरब्रिज बनकर तैयार हो जाएगा। इसके बाद निर्माण को पकने और जरूरी एहतियात के बाद इसे शुरू किया जाएगा। काम पूरा होने के बाद यहां सुरक्षा के लिए बेरिकेट्स आदि लगाए जाएंगे।
पिपरिया। ट्रैक के नीचे मशीनें से खुदाई करती हुईं।