मेगा ब्लाॅक कल, आठ घंटे प्रभािवत रहेगा यातायात
रेलवे के चीफ इंजीनियर (ब्रिज) ने लिया जायजा
भास्कर संवाददाता | पिपरिया
अंडरब्रिज निर्माण स्थल पर सोमवार को डाउन ट्रैक खोदकर अस्थाई पटरियां डालीं गईं। रविवार को अप ट्रैक से रेलवे ने काम शुरू किया था। सुबह 7.15 से 10.15 बजे के बीच काम पूरा कर दिया। डाउन ट्रैक पर काम चलने के कारण सोमवार को अप ट्रैक से ट्रेनें निकाली गईं। सभी ट्रेनें समय पर निकलीं। अंडरब्रिज बॉक्स लगाने का काम किया जाएगा। 10 फरवरी को 8 घंटे का मेगा ब्लाॅक लेकर सुबह 8.30 से शाम 4.30 बजे तक ब्लाॅक (रेलवे यातायात रोकना) रहेगा। सोमवार दोपहर में 8 घंटे के मेगा ब्लाक की तैयारियां की गईं। यहां लगे सिग्नल को हटाने के लिए भी दिनभर काम चला। अंडरब्रिज बॉक्स फिट करने के दौरान सिग्नल क्षतिग्रस्त न हो इसलिए उसे हटा दिया है। जबलपुर से आए चीफ ब्रिज इंजीनियर रेलवे आरएन सोनकर ने निर्माण स्थल का जायजा लिया। उन्होंने ब्लाॅक के दौरान बॉक्स फिट करने के कामों के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की। सोनकर ने जरूरी एहतियात बरतने के निर्देश भी दिए। इस दौरान रेलवे जबलपुर मंडल के अधिकारी और कांट्रेक्टर एवं दमोह के पूर्व सांसद चंद्रभान सिंह उपस्थित थे।
कांट्रेक्टर ने बताया 9 फरवरी को दिन भर रेलवे ट्रैक के नीचे बेस तैयार करने और जहां तक संभव है वहां खुदाई करने का काम होगा। 9 फरवरी की रात तक 10 फरवरी को सुबह से होने वाले काम की प्लानिंग हो जाएगी।
मौके पर 18 मीटर लंबी सुरंग बनेगी। ट्रैक के नीचे से निकलकर लोग इधर-उधर होंगे। दोनों ओर से 6-6 सीमेंटेड बॉक्स लगना है। यह बॉक्स फिट होने के बाद 5 मीटर चौड़े और 5 मीटर ऊंचे रहेंगे। वर्तमान में यह 6-6 मीटर के हैं। एक मीटर हिस्सा जमीन के अंदर रहेगा। ट्रेक की ऊंचाई मेंटेन रहे उसके मुताबिक रेलवे अधिकारी नापतौल कर बॉक्स फिट करेंगे।
काम लंबा है इसलिए लगाईं अस्थाई पटरियां
अंडरब्रिज काम के दौरान रेलवे ट्रैफिक ज्यादा समय के लिए प्रभावित न हो। इसलिए अस्थाई पटरियां लगाई गई हैं। 7, 8, फरवरी को दिन और रात इन पटरियों का उपयोग हुआ। 9 फरवरी को भी इनका इस्तेमाल होगा। इस बीच 10 फरवरी के मेगा ब्लाॅक की तैयारियां भी चलतीं रहीं। 10 और 13 फरवरी को जरूरत पड़ने पर इन पटरियों को मौके से हटा दिया जाएगा। काम पूरा होने के बाद जो पटरियां पहले लगीं थी उन्हें फिर जोड़ दिया जाएगा। 22 मीटर लंबी पटरियां फिर फिट हो जाएंगी।
यह होगी तैयारी
10 फरवरी को काम बड़ा होने के कारण दो-दो क्रेन मौके पर रहेंगी।
10 को 8 घंटे और 13 को 7 घंटे का ब्लाॅक लगेगा।
10 और 13 फरवरी को सुबह 8.30 से शाम 4.30 बजे तक रेल यातायात प्रभावित रहेगा।
18 मीटर लंबी सुरंग बनाकर फंसाए जाएंगे 12 बॉक्स।
पिपरिया। डाउन ट्रैक पर अस्थाई पटरियां लगवाने का काम करते रेल कर्मी।