दिव्यांगों को मदद दिलाने के नाम पर 5 हजार रुपए ठगे
भास्कर संवाददाता | सोहागपुर
दो दिव्यांग बच्चों के पिता से मुख्यमंत्री राहत कोष से 64 हजार रुपए की सहायता दिलवाने के नाम पर 5 हजार रुपए की ठगी कर ली गई। पुलिस ने इटारसी के एक युवक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
सोहागपुर के गौतम वार्ड में रहने वाले प्रकाश राजपूत ने बताया उसके दो बच्चे दिव्यांग है। इनके इलाज के लिए राशि की जरूरत लगती है। 31 जनवरी को लाल कार यूपी-32 बी, 4444 से एक युवक उनके घर आया। उसने खुद का परिचय पप्पू उर्फ सुरेश कुमार बडग़ूजर के रूप में दिया और खुद को इटारसी का निवासी बताया। उसने बताया वह दिव्यांगों की सहायता करता है। आपके बेटे सचिन व अमित के दिव्यांग होने का समाचार अखबार में पढ़ा था। इन्हें मुख्यमंत्री राहत कोष से 32 - 32 हजार रुपए की सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। उसने शपथ पत्र के नाम पर 600 रुपए लिए। तीन दिन बाद 2000 रुपए फिर मांगे। मोबाइल नंबर 9770411730 से 7 फरवरी को सेमरीहरचंद में कचौरी की दुकान पर मिलने का कहा। वहां उसने 2400 रुपए ले लिए। सुबह-शाम कई बार फोन आए। युवक ने 2000 रुपए की और मांग की। आशंका होने पर रिपोर्ट दर्ज कराई। एसआई मदन पवार ने बताया प्रकाश के बताए अनुसार आरोपी सुरेश के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।
सोहागपुर के गौतम वार्ड का मामला