जिला अंत्योदय मेले की तैयारियों का कलेक्टर ने लिया जायजा
सोहागपुर | जिला अंत्योदय मेले की तैयारियों की समीक्षा करने गुरुवार को कलेक्टर संकेत भोंडवे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। कलेक्टर ने एसजेएल स्कूल में लगे पंडाल में अधिकारियों से हितग्राहियों एवं व्यवस्थाओं के संबंध में बातचीत की। एडीएम एचएस मीणा, एसडीएम मनोज उपाध्याय, तहसीलदार भास्कर गाचले सहित सभी विभागों के प्रमुख उपस्थित थे। एसडीएम ने बताया जिला अंत्योदय मेले में 5500 हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा। इनमें से 1900 हितग्राहियों को बीपीएल राशन कार्ड दिए जाएंगे। कार्यक्रम में सांसद राव उदयप्रताप सिंह, विधायक विजयपाल सिंह, खनिज निगम अध्यक्ष शिव चौबे, निगम अध्यक्ष राजेंद्र सिंह एवं भाजपा जिलाध्यक्ष संपत मूंदड़ा सहित जिले के प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहेंगे।