पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

कैसे मिलेगी सजा: 38 जांच अधिकारी, काम का सिर्फ एक ही

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
इंदौर. क्राइम ब्रांच के लिए जुलाई 2014 में अलग थाने की स्थापना की गई। अब अधिकारी नए थाने के लिए प्रस्ताव बनाने में जुटे हैं। भास्कर ने पड़ताल की तो खुलासा हुआ जो थाना खोला गया उसकी ही हालत विवेचना के लिहाज से बहुत दयनीय है।
38 में से सिर्फ एक अधिकारी ही विवेचना में दक्ष है, जबकि यहां 24 मामलों की जांच चल रही है। इनमें जेल में फर्जी सिम से मोबाइल का उपयोग करने से लेकर आईटी एक्ट के गंभीर केस शामिल हैं। विवेचना में जरा सी लापरवाही कोर्ट में आरोपी को फायदा पहुंचा सकती हैं।

विभाग की कमजोरी छिपाने की कोशिश में दोनों एएसपी दिलीप सोनी, विनयप्रकाश पॉल और दोनों डीएसपी सलीम खान व आरसी राजपूत पिछले कुछ समय से थाने के एसआई और एएसआई की तरह विवेचना पूरी करवाने में लगे हैं।
दोनों डीएसपी व्यापमं घोटाले के लिए बनी एसआईटी में भी हैं। पिछले दिनों तो दो-तीन बड़े मामलों में ऐसी स्थिति सामने आई कि जिस अधिकारी के पास विवेचना थी उसे चालान कब पेश करना है यह तक याद नहीं रहा।

एक एएसपी ने इसे लेकर स्टाफ को फटकारा और खुद बैठकर जांच डायरी पूरी करवाई। अफसर भी मानते हैं कि क्राइम ब्रांच में अनुभवी विवेचक अफसरों की कमी है। इसके बावजूद अधिकारी क्राइम ब्रांच के लिए दूसरा थाना खोलने के लिए प्रस्ताव बनवा रहे हैं।
इसमें क्राइम ब्रांच के सराहनीय कार्यों को जोड़कर मसौदा तैयार किया जा रहा है। पर इस तरफ किसी अफसर का ध्यान नहीं कि जो प्रकरण क्राइम ब्रांच में दर्ज हो रहे हैं उनमें गहराई से विवेचना हो रही है या नहीं।
हम हर सोमवार ट्रेनिंग दे रहे हैं
यह सही है कि हमारे स्टाफ में अधिकांश अफसरों को विवेचना का अनुभव बहुत कम हैं। पर हमारे स्टाफ का सूचना तंत्र मजबूत है। हमने विवेचना में सुधार के लिए कुछ समय से हर सोमवार को ट्रेनिंग सेशन शुरू किया है। नए क्राइम ब्रांच का प्रस्ताव भी बना रहे हैं लेकिन उससे पहले हमारी टीम को मजबूत कर लेंगे।
- विनयप्रकाश पॉल, एएसपी क्राइम
स्टाफ बदलेंगे और प्रशिक्षित भी करेंगे
क्राइम ब्रांच स्पेशलाइज यूनिट है। इसमें अच्छी विवेचना जानने वाले अधिकारी भी दिए जाएंगे और जो हैं उन्हें भी प्रशिक्षण दिलवाया जाएगा। समस्या यह है कि बहुत से अधिकारी जानबूझकर काम से बचते हैं। यह मानसिकता बदलनी होगी।
- विपिन माहेश्वरी, आईजी