इंदौर. हुकमचंद मिल की जमीन की नीलामी 10 अक्टूबर को होगी। इसकी कीमत कम से कम 400 करोड़ रुपए निर्धारित की गई। मंगलवार को डीआरटी (मुंबई) के अधिकारी खरीदी की इच्छुक फर्मों को जमीन दिखाने के लिए इंदौर में थे।
टेबल, कुर्सी लगाकर जमीन दिखाने का इंतजाम किया, लेकिन एक भी व्यापारी, फर्म, रियल इस्टेट कारोबारी जमीन देखने नहीं आया। मजदूर भी नए कपड़े पहनकर मिल परिसर में सुबह से आ गए थे। दोपहर तीन बजे तक इंतजार भी हुआ, बाद में निराश होकर सब लौट गए।
डेब्स रिकवरी ट्रिब्यूनल ने जमीन के लीज अधिकार नीलाम करने के लिए कार्यक्रम जारी कर दिया। नीलामी के आवेदन ऑनलाइन भरने के लिए 7 सितंबर से 7 अक्टूबर तक की तारीख तय है। नीलामी से पहले जमीन का मौका मुआयना कराने के लिए डीआरटी के परिसमापक चारू दत्त इंदौर आए थे।
उन्होंने मिल मजदूरों से भी मुलाकात की। दोपहर 12 से तीन बजे तक जमीन दिखाने का कार्यक्रम तय हुआ था। अधिकारी, मजदूर तय समय तक मौके पर थे। गेट पर मजदूर टकटकी लगाए हुए थे, लेकिन किसी ने दिलचस्पी नहीं दिखाई।