शिकायत में कहा-गलत तरह से इंदौर में हुई बाबू की पोस्टिंग
आरटीओ के एक बाबू की शिकायत केंद्रीय परिवहन मंत्री से की गई है। शिकायत में बताया गया है कि बाबू की इंदौर में गलत तरह से पोस्टिंग हुई है और जिस सेक्शन में पोस्टिंग हुई वो सेक्शन यहां है ही नहीं। इसके साथ ही पोस्टिंग ऑर्डर में तत्कालीन परिवहन आयुक्त के दस्तखत पर भी शंका जताई गई है।
केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को यह शिकायत आरटीआई कार्यकर्ता कैलाश सोनी ने की है। शिकायत में आरटीओ में पदस्थ बाबू संदीप खरनाल के खिलाफ प्रमाण भी दिए गए हैं। सोनी ने बताया कि इससे पहले वे करनाल की शिकायत आरटीओ से लेकर परिवहन आयुक्त और प्रदेश के परिवहन मंत्री से भी कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने शिकायत में कहा है कि खरनाल वर्ष 2006 में अतिरिक्त क्षेत्रिय कार्यालय धार में चौकीदार (दैनिक वेतन भोगी) के रूप में पदस्थ थे। 30 सितंबर 2006 को तत्कालीन परिवहन आयुक्त एनके त्रिपाठी द्वारा जारी एक आदेश में उन्हें इंदौर आरटीओ की कम्प्यूटर शाखा में पदस्थ किया, जबकि यह शाखा यहां है ही नहीं। सोनी ने इस आदेश में त्रिपाठी के हस्ताक्षर के फर्जी होने का संदेह भी जताया है। यहां कम्प्यूटर का पूरा काम स्मार्ट-चिप कंपनी द्वारा किया जाता है।
उन्होंने बताया कि खरनाल अभी हेल्प डेस्क पर पदस्थ हैं, इससे ही साफ है कि वह जिस पोस्ट पर हैं वह पोस्ट भी यहां नहीं है। शिकायत में खरनाल के खिलाफ कार्रवाई के साथ नियुक्ति आदेश की जांच करने की भी मांग की है।