तकनीकी कार्य के लिए रेलवे इसी माह करेगा 36 घंटे का मेगा ब्लॉक
रेलवे प्रबंधन इस माह के अंतिम सप्ताह में 36 घंटे का मेगा ब्लॉक लेगा। इन डेढ़ दिनों में प्लेटफॉर्म-1 और पार्क रोड पर विकसित हो रहे नए स्टेशन के कई तकनीकी कार्य पूरे किए जाएंगे। इस दरमियान सिग्नलिंग सिस्टम बंद कर मैनुअली ट्रेनें चलाई जाएंगी। कई ट्रेनें लेट होंगी तो कई निरस्त की जाएंगी। ब्लॉक से 7 दिन पहले प्रभावित होने वाली ट्रेनों की सूची जारी की जाएगी। सिंहस्थ की तैयारियों का जायजा लेने लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन आए रतलाम रेल मंडल के डीआरएम मनोज शर्मा ने यह बात कही। उन्होंने कहा- सिंहस्थ के दौरान कुल 100 ट्रेनें चलेंगी। इसीलिए काम तेजी से किए जा रहे हैं। थोड़ी-बहुत खामियां रहेंगी तो उन्हें भी जल्द दूर करेंगे।
डीआरएम के समक्ष रखीं मांगें
इधर, मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य जगमोहन वर्मा ने डीआरएम को मांगों का ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा है कि सिंहस्थ के दौरान 100 से ज्यादा ट्रेनें चलेंगी तो उनके मार्गों को लेकर असमंजस क्यों है। प्लेटफॉर्म-1 काफी समय से बंद है। यहां चलने वाले स्टॉल, मिल्क पार्लर आदि का किराया माफ किया जाए। स्टेशन पर बैटरी चलित कार, लिफ्ट और एस्केलेटर सिंहस्थ से पहले ही लगाएं जाएं।
नए स्टेशन और इंदौर-महू लाइन का काम अब 15 मार्च तक हो पाएगा पूरा
रेलवे ने इंदौर-महू ब्रॉडगेज और पार्क रोड के नए स्टेशन के अन्य काम पूरे करने का टारगेट 25 फरवरी का रखा था लेकिन यह संभव नहीं दिख रहा। डीआरएम ने कहा- हमारे पास 31 मार्च तक का समय है लेकिन 15 मार्च तक इसे पूरा करने का प्रयास करेंगे। 26 फरवरी को जनरल मैनेजर इंदौर-उज्जैन के बीच आने वाली पुलियाओं का भी निरीक्षण करेंगे।