जापानी अफसर आज देंगे प्रेजेंटेशन
भोपाल | इंदौर और भोपाल के मेट्रो रेल प्रोजेक्ट पर चर्चा के लिए जापान सरकार के दो मंत्रालयों और रेल निर्माण व तकनीक से जुड़ी वहां की छह कंपनियां 11 फरवरी को भोपाल आने वाली हैं। ये कंपनियां मंत्रालय में पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सामने मेट्रो के संभावित मॉडल का प्रेजेंटेशन देंगी, इसके बाद शहरी विकास से जुड़े अधिकारियों के साथ चर्चा करेंगी। गुरुवार सुबह 10:30 बजे मुख्यमंत्री के सामने प्रेजेंटेशन के बाद जापानी अधिकारी अफसरों के साथ नगरीय प्रशासन संचालनालय में चर्चा करेंगे। जापान इंटरनेशनल को-ऑपरेशन एजेंसी (जायका) मप्र को मेट्रो प्रोजेक्ट के लिए 0.3 प्रतिशत की ब्याज दर पर 11250 .74 करोड़ रुपए का कर्ज देने जा रही है।
फंड की उपलब्धता तय होने के बाद से ही राज्य सरकार भी सक्रिय हो गई है। हाल ही में केंद्रीय आर्थिक मामलों के मंत्रालय को भोपाल-इंदौर की प्रारंभिक रिपोर्ट भेज दी गई है।