पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • एमपीसीए मैनेजिंग कमेटी की बैठक आज लोढ़ा कमेटी की सिफारिशों पर होगी चर्चा

एमपीसीए मैनेजिंग कमेटी की बैठक आज लोढ़ा कमेटी की सिफारिशों पर होगी चर्चा

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
डॉ. भार्गव पद से हटना चाहिए
एमपीसीए की मैनेजिंग कमेटी की बैठक गुरुवार शाम को होलकर स्टेडियम में होगी। बैठक में मुख्य मुद्दा जस्टिस लोढ़ा कमेटी की सिफारिशों पर चर्चा है। इसके साथ ही मैनेजिंग कमेटी के सामने सदस्यों के बीच उठ रहे विवादों को सुलझाने की भी कोशिश रहेगी। अंडर 23 टीम सिलेक्शन कमेटी के चयनकर्ताओं और टीम मैनेजर मनोहर शर्मा के बीच तो विवाद चल ही रहा था कि अब एक सदस्य ने मैनेजिंग कमेटी को ई-मेल कर पदाधिकारियों से उपाध्यक्ष डॉ. एमके भार्गव को पद से हटाने की मांग की है।

जस्टिस लोढ़ा कमेटी ने बीसीसीआई सहित विविध एसोसिएशनों में मूलभूत सुधार के लिए 160 पन्नों की रिपोर्ट में कई बदलावों के सुझाव दिए हैं। बीसीसीआई ने सभी एसोसिएशनों से इस कमेटी की सिफारिशों पर अपने सदस्यों से सुझाव लेकर एक रिपोर्ट भेजने के लिए कहा है। एमपीसीए पहले ही सदस्यों से सुझाव मंगा चुका है। अब मैनेजिंग कमेटी एक रिपोर्ट बनाकर बीसीसीआई को भेजेगी। यदि लोढ़ा कमेटी के सुझावों को लागू किया जाता है, तो एमपीसीए के संस्थागत ढांचे और विविध कमेटियों में भी मूलभूत बदलाव आ जाएंगे। सालों तक पदों पर रहने वाले पदाधिकारियों को मैनेजिंग कमेटी से बाहर होना होगा और चयन कमेटी सहित विविध कमेटियों में भी बदलाव हो जाएगा। एसोसिएशन में महत्वपूर्ण पदों पर खिलाड़ियों को जगह मिल जाएगी।

दो मुद्दों पर होगी चर्चा
मैनेजिंग कमेटी की बैठक में मुख्य रूप से दो मुद्दे रहेंगे। लोढ़ा कमेटी की सिफारिशों और विभिन्न उपसमितियों ने जो सिफारिशें की हैं, उन पर चर्चा होगी। -मिलिंद कनमड़ीकर, एमपीसीए सचिव

बैठक शाम 6:30 से
बैठक गुरुवार शाम 6.30 बजे से होगी। बैठक में एमपीसीए चेयरमैन ज्योतिरादित्य सिंधिया मौजूद रहेंगे। बैठक के बाद क्रिकेट कमेंटेटर सुशील दोशी का विशेष रूप से सम्मान किया जाएगा। उन्हें प्रतिष्ठित पद्मश्री अवॉर्ड के लिए चुना गया है।

उधर, मैनेजिंग कमेटी की बैठक से एक दिन पहले एमपीसीए के एक वरिष्ठ सदस्य ने एसोसिएशन के वरिष्ठ सदस्य डॉ. भार्गव का सालों पुराने 1.68 लाख रुपए के चेक का मामला उठा दिया है। सदस्य ने एमपीसीए से इस पूरे केस की जानकारी मांगी है और साथ ही कहा है कि जब तक मामला सुलझ नहीं जाता, तब तक भार्गव को अपने पद से हट जाना चाहिए या एसोसिएशन को हटा देना चाहिए।

टीम नॉकआउट में, विवाद के कारण नहीं गए चयनकर्ता
अंडर 23 क्रिकेट टीम का बुधवार से हैदराबाद में महत्वपूर्ण नॉकआउट मैच शुरू हो गया है, लेकिन टीम सिलेक्शन कमेटी के चेयमरैन भगवानदास सुथार के साथ ही दो अन्य चयनकर्ता हैदराबाद नहीं गए। एक चयनकर्ता महमूद खान काले हिरण शिकार मामले में जेल में हैं। इसके बाद एमपीसीए ने चयन कमेटी के सबसे जूनियर सदस्य को हैदराबाद भेजा है। सुथार ने एमपीसीए को पत्र लिखकर शर्मा द्वारा मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और उनके व्यवहार के कारण स्वास्थ्य बिगड़ने जैसी बात बताई थी। एमपीसीए इस मामले में फिलहाल कोई कार्रवाई करता नहीं दिख रहा है।

खबरें और भी हैं...