- Hindi News
- National
- नर्मदा लाइन के लीकेज में मिला ड्रेनेज का पानी, सैकड़ों घरों में पीने के पानी का संकट
नर्मदा लाइन के लीकेज में मिला ड्रेनेज का पानी, सैकड़ों घरों में पीने के पानी का संकट
बढ़ रहे पीलिया, टाइफाइड और मलेरिया के मरीज- बख्तावर रामनगर निवासी गायनोकोलॉजिस्ट डॉ. साधना मेहता कहती हैं कि पिछले चार-पांच माह से लगातार गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है। इसके कारण घरों में बच्चे बीमार हो रहे हैं। पीलिया, टाइफाइड और मलेरिया के सबसे ज्यादा मरीज मेरे क्लीनिक पर आ रहे हैं। समस्या के बारे में कई बार स्थानीय पार्षद और निगम अफसरों को बताया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। गिरधर नगर निवासी ज्योति पांडे ने बताया कि शुरुआत के 10-15 मिनट नल से गंदा पानी आता है। इसके बाद पानी थोड़ा साफ होता है तब तक नल ही चले जाते हैं। पीने के पानी का और कोई विकल्प नहीं होने से गंदा पानी पीना पड़ रहा है।
विशेषज्ञों ने कहा- तकनीकी टीम करे सुधार
निगम और नर्मदा प्रोजेक्ट के विशेषज्ञों का कहना है कि उक्त क्षेत्रों में नर्मदा लाइन में काफी लीकेज हैं। यह तकनीकी टीम को देखना चाहिए और इन्हें ठीक करना चाहिए। इस क्षेत्र के स्कूलों में भी ऐसा ही गंदा पानी आता है। इसका असर सबसे ज्यादा छोटे बच्चों पर पड़ता है।
लंबे समय तक गंदा पानी पीना खतरनाक
फिजिशियन डॉ. गौरव गुप्ता कहते हैं लंबे समय तक गंदा और बदबूदार पानी पीना सेहत के लिए खतरनाक है। इससे टाइफाइड, पथरी और पीलिया होने का खतरा ज्यादा बढ़ जाता है। एक बार जिस व्यक्ति को इसकी शिकायत हो, उसे खास ध्यान रखना पड़ता है। अगर यह बीमारी रिपीट होती है तो घातक हो सकती है।
जानकारी में नहीं आया, तत्काल निराकरण करवाएंगे
न तो जोनल कार्यालय पर लिखित शिकायत आई और न मेरी जानकारी में मामला आया। अब पता चला है ताे तत्काल निराकरण करवाएंगे। शुक्रवार को ही टीम भेजकर लीकेज पता करेंगे। लोगों से भी बात करेंगे। -दिलीपसिंह चौहान, सिटी इंजीनियर, जल विभाग, नगर निगम