वन उत्पादों का बेहतर प्रबंधन करे वन विभाग : महाजन
मालवा वन मेले का उद्घाटन करते हुए लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने कहा- जंगलों में मिलने वाली औषधि, जड़ी-बूटियों का बेहतर प्रबंधन कर ग्रामीणों को सक्षम बनाया जा सकता है। जंगलों से उत्पाद बड़ी कंपनियां खरीद लेती हैं और प्रोडक्ट बनाकर इस तरह मेले में प्रदर्शित कर देती हैं। विभाग अपने स्तर पर ही प्रोडक्शन करवाकर बाजार में ला सकता है।
तीन दिनी वन मेला ढक्कन वाला कुआं स्थित ग्रामीण हाट बाजार में शुक्रवार से शुरू हुआ है। मुख्य वन संरक्षक पुरुषोत्तम धीमान, वन संरक्षक वीके वर्मा ने महाजन समेत अन्य अतिथियों को मेले में विभिन्न आदिवासी अंचलों से आए उत्पादों की जानकारी दी।
सूजन मिटाने वाला जंगली प्याज
मेले में बादाम आम के आकार का जंगली प्याज आकर्षण बना हुआ है। एसडीओ आरएन सक्सेना के मुताबिक इस प्याज के रस की मालिश करने से सूजन और दर्द में राहत मिलती है। ब्लडप्रेशर और कोलेस्ट्रॉल कम करने के लिए भी जड़ी-बूटी से बना पाउडर लाया गया है। इसके अलावा नाड़ी वैद्य भी विभिन्न रोगों पर मुफ्त सलाह दे रहे हैं।
मालवा वन मेले का उद्घाटन लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने किया।