नाबालिग बदमाशों ने चाकू अड़ाकर छात्रों को लूटा
जूनी इंदौर क्षेत्र में नशे के धंधे में लिप्त एक महिला के बेटे ने दो अन्य नाबालिगों के साथ स्कूली छात्रों से लूट की वारदात कर दी। बदमाशों ने घर लौट रहे 9वीं के छात्रों को ओवरब्रिज के नीचे चाकू अड़ाकर रोका और जान से मारने की धमकी देकर जेब में रखे रुपए व दो मोबाइल छीन लिए।
टीआई पवन सिंघल ने बताया घटना गुलजार काॅलोनी में रहने वाले नीतेश (14) पिता राम बहादुर और बबलू पिता कालू (14) के साथ हुई। दोनों मालवा शिशु विहार में पढ़ते हैं। वे गुरुवार को घर लौट रहे थे तभी तीनों बदमाशों ने वारदात की। बदमाश भागने लगे तो कुछ लोगों ने उन्हें पहचान लिया। इस पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया, वहीं मुख्य आरोपी फरार है। वह बीके सिंधी काॅलोनी में रहने वाली मोंटी उर्फ संगीता नामक महिला का बेटा है, जो नशे के धंधे में लिप्त रहती है। उसका पुराना आपराधिक रिकाॅर्ड है। उस पर भी 5 और उसके नाबालिग साथियों पर कई प्रकरण दर्ज हैं।