युवक ने साथी के साथ मिलकर कर दी रिश्तेदार की हत्या
15 साल पहले अचानक शादी का रिश्ता तोड़ने से नाराज युवक ने सोमवार रात अपने रिश्तेदार की हत्या कर दी। आजाद नगर पुलिस ने युवक और हमले में शामिल उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है।
टीआई कन्हैयालाल दांगी ने बताया मूसाखेड़ी के शिव नगर निवासी 32 वर्षीय प्रकाश पिता शोभाराम की हत्या वहीं रहने वाले आरोपी सुरेश पिता रामदेव और ताराचंद ने मिलकर कर दी। सुरेश का रिश्ता 15 साल पहले चिंताबाई पिता सालगराम से हुआ था। बाद में महिला के परिजनों ने किसी कारण यह रिश्ता तोड़कर उसकी शादी रीछी (खातेगांव जिला देवास) कर दी थी। सुरेश 8 फरवरी को ताराचंद के साथ आजाद नगर के एक ढाबे पर शराब पी रहा था। तभी महिला का काका रवि पंवार अपने साढ़ू जगदीश साहू और उसके बेटे प्रकाश के साथ वहां शराब पीने पहुंचा। किसी बात पर उनमें विवाद हुआ तो सुरेश शादी टूटने की बात को लेकर रवि, जगदीश और प्रकाश से बहस करने लगा। रवि ने उस बात को भूल जाने का कहकर विवाद शांत किया और जगदीश व प्रकाश को लेकर घर चला गया। इधर, नशे में चूर सुरेश ताराचंद को लेकर उनके घर पहुंचा और विवाद किया। फिर रवि, जगदीश और प्रकाश पर हथियार से हमला किया। इसमें रवि के हाथ की दो अंगुलियां कट गईं। प्रकाश बचाव में आया तो सुरेश ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी। दोनों आरोपियों को पुलिस ने नाकाबंदी कर पकड़ लिया। सुरेश मूल रूप से खातेगांव का रहने वाला है।