रेलवे के तीन बड़े प्रोजेक्ट की रफ्तार धीमी, चौथा कब शुरू होगा तय नहीं
15 मार्च तक सारे काम पूरे कर लेंगे
डीआरएम मनोज शर्मा का कहना है हम 15 मार्च तक लगभग सारे प्रोजेक्ट पूरे कर लेंगे। जहां तक 26 फरवरी को जीएम के निरीक्षण का सवाल है, उनके सामने सारे प्रोजेक्ट की प्रगति रिपोर्ट बताएंगे।
कर्व सीधा करने का प्रोजेक्ट भी अटका
इन सारे कार्यों की लेटलतीफी के कारण ही रेलवे अभी तक प्लेटफॉर्म तीन, चार और पांच पर कर्व सीधा करने का काम अब तक शुरू नहीं कर पाया है, जबकि इसकी प्लानिंग जनवरी माह की थी। अब यह मार्च में शुरू हाेने की संभावना है।
भास्कर संवाददाता | इंदौर
रेलवे के विकास कार्यों की रफ्तार बेहद धीमी है। 26 फरवरी को होने वाले पश्चिम रेलवे के जीएम जी.सी. अग्रवाल के दौरे के दौरान रेलवे अफसरों की असली परीक्षा होगी। वजह यह है कि अभी तक इंदौर-महू गेज कन्वर्जन, प्लेटफॉर्म क्रमांक एक का विकास और पार्क रोड स्टेशन का काम समय पर पूरा नहीं हो पाया है।
तीनों ही कार्यों की समय-सीमा कई बार बढ़ाई गई है। सबसे ज्यादा दिक्कत सिंहस्थ के कार्यों को लेकर आ रही है। इसके अलावा लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन के यार्ड का नवीनीकरण का काम भी समय पर पूरा नहीं हो पाया है। इन चार बड़े प्रोजेक्ट के अलावा सिंहस्थ के दौरान यहां से चलने वाली सौ ट्रेनों का शेड्यूल और अन्य तकनीकी काम भी पूरे नहीं हो पाए हैं। अब रेलवे के पास हर काम के लिए अंतिम समय सीमा 31 मार्च है।
ये बड़ा प्रोजेक्ट चार साल से अधूरा
रेलवे प्रबंधन के लिए चिंता का विषय मल्टी फंक्शनल कॉम्प्लेक्स भी है। इसका काम चार साल से चल रहा है, लेकिन अब तक पूरा नहीं हो पाया है। बताते हैं कि रेलवे पर इस बात का दबाव है कि सिंहस्थ के पहले वह यह प्रोजेक्ट पूरा कर ले, लेकिन इसके आसार कम ही दिखाई दे रहे हैं, क्योंकि अभी 15 फीसदी से ज्यादा काम बाकी है।
कैसे लेट होते गए प्रोजेक्ट
इंदौर-महू गेज कन्वर्जन- फरवरी 2015 में मेगा ब्लॉक लिया। अगस्त तक काम पूरा होना था, लेकिन तीन बार डेडलाइन बढ़ाना पड़ी। अभी भी काम अधूरा है।
इंदौर प्लेटफॉर्म क्रमांक 1 : यह काम भी गेज कन्वर्जन के साथ पूरा हाेना था। दिसंबर 2015 में काम पूरा करने का दावा था, लेकिन अब भी अधूरा। अब 15 मार्च तक होने की संभावना।
पार्क रोड स्टेशन : नए रेलवे स्टेशन (दो प्लेटफॉर्म बन रहे हैं, मेट्रो सिटी की तर्ज पर) का काम तीन साल से चल रहा है। दिसंबर में इसे हर हाल में पूरा किया जाना था। 31 अक्टूबर 2015 को डीआरएम ने कहा था कि 31 जनवरी तक काम पूरा हो जाएगा, लेकिन अब 31 मार्च का टारगेट।
इंदौर-टीही लाइन : नई लाइन का काम चल रहा है। यह लगभग पूरा होने वाला है, लेकिन अभी कुछ दिन और लगेंगे। यह काम भी पिछले साल अक्टूबर में पूरा होना था।