ट्रेंचिंग ग्राउंड की आग से हो रहा नुकसान, याचिका दायर
इंदौर | देवगुराड़िया के समीप ट्रेंचिंग ग्राउंड के कचरे में लगी आग को लेकर एक जनहित याचिका हाई कोर्ट में दायर की गई है। इसमें उल्लेख किया है कि इससे भारी नुकसान हो रहा है। आग देवगुराड़िया के साथ रालामंडल अभयारण्य की ओर फेल रही है। अभयारण्य में जंगली जानवर काफी संख्या में हैं। यदि आग पर काबू नहीं पाया जा सकता तो जानवरों को नुकसान पहुंच सकता है। इसके अलावा कचरे से निकल रहा जहरीला धुआं सांस के द्वारा शरीर में जा रहा है। यह स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। मांग की है इस जगह पर और कचरा फेंकने पर रोक लगाई जाए। इसके साथ ही कचरे के निपटान के लिए सख्त निर्देश नगर निगम और शासन को जारी किए जाएं। लॉ स्टूडेंट आकाश शर्मा ने यह जनहित याचिका दायर की है। अगले सप्ताह सुनवाई के लिए इस याचिका का नंबर आ सकता है।
याचिका में उल्लेख किया है कि हर दिन करीब 900 टन कचरा ट्रेंचिंग ग्राउंड पर डाला जा रहा है। कचरे को नष्ट करने का प्लांट भी लंबे समय से खराब पड़ा है। 21 लाख टन कचरा का निपटारा किया जाना बाकी है। उल्लेखनीय है कि कचरा प्रबंधन को लेकर एक याचिका और विचाराधीन है। इसमें भी ट्रेंचिंग ग्राउंड में पड़े कचरे की बात कहीं गई है।