मुख्यमंत्री ने कहा-तालाब की जमीन पर नहीं बनेगी कोर्ट की बिल्डिंग
इंदौर | स्मार्ट सिटी योजना की लांचिंग के लिए इंदौर आए मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने वकीलों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान कहा- पीपल्याहाना तालाब की जमीन पर जिला कोर्ट की बिल्डिंग नहीं बनेगी। मध्यप्रदेश हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस एएम खानविलकर से चर्चा में हमने कहा है कि उक्त प्रस्तावित बिल्डिंग अपने वर्तमान स्थान पर ही बनना चाहिए। इस हेतु चीफ जस्टिस को हमने लगभग सहमत भी कर लिया है। विधायक व एडवोकेट राजेश सोनकर के नेतृत्व में वकील सीएम से मिलने गए थे। संघ के पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार वर्मा, अजय तिवारी, प्रवीण के. रावल, बहादुरसिंह राजपूत आदि शामिल थे।
सीएम को बताया गया था कि रहवासी और वकील मिलकर क्रमबद्ध आंदोलन कर रहे हैं।
इंदौर अभिभाषक संघ को इस बारे में चिंतित नहीं होना चाहिए। हमारा प्रयास है कि न्यायालय परिसर अभिभाषक संघ के द्वारा बताए गए स्थान पर ही बनना चाहिए, न कि ग्रीन बेल्ट की जमीन पर।