ग्राम पंचायतों में भी 1 मार्च से संपत्ति, जल, सफाई व अन्य कर
नगर निगम की तर्ज पर अब जिले की 312 ग्राम पंचायतों में रहने वाले दस लाख से ज्यादा लोगों पर संपत्तिकर, सफाई कर, प्रकाश कर, जल निकास कर, व्यवसाय कर और जलकर लिया जाएगा। जिला पंचायतों ने इस संबंध में विशेष सॉफ्टवेयर बनवा लिया है। इसके लिए गुरुवार और शुक्रवार को सभी पंचायतों के सचिवों को ट्रेनिंग भी दी जा चुकी है।
सचिवों को इस सॉफ्टवेयर में फरवरी अंत तक संबंधित पंचायत के हर परिवार की संपत्ति व अन्य जानकारी भरने के लिए कहा है। कई गांवों में टैक्स का फॉर्मेट भी बांट दिया गया है। इसमें आई जानकारी सॉफ्टवेयर में डालने से संबंधित परिवार पर बनने वाले टैक्स की स्वत: गणना हो जाएगी और यह उस परिवार से पंचायत वसूल करेगी।
जिला पंचायत सीईओ आशीष सिंह ने कहा कि इसी माह सभी पंचायतों के सभी परिवारों की जानकारी सॉफ्टवेयर में अपडेट होने के बाद टैक्स की गणना हो जाएगी। 1 मार्च से इस टैक्स की वसूली का अभियान चलेगा। यह सालाना टैक्स होगा और हर साल पंचायत इसे वसूलेगी। इस राशि का उपयोग संबंधित पंचायत के गांव की सड़क, सीवरेज व अन्य मूलभूत सुविधाओं में खर्च की जाएगी। टैक्स से किसी को रियायत नहीं होगी, यदि किसी का कच्चा घर है तो उससे फिक्स सालाना केवल 120 रुपए ही टैक्स लिया जाएगा।
ये टैक्स लगेंगे- संपत्तिकर, सफाई कर, प्रकाश कर, जल निकास कर, व्यवसाय कर, जलकर
इन गांवों में टैक्स लेना भी शुरू- बछोड़ा, गलोंदा, तिल्लौर खुर्द, गवली पलासिया, पालिया