ग्रीन बेल्ट पर बने अवैध मैरिज गार्डन निगम को दे रहे संपत्ति कर
हाल ही में प्रशासन ने खंडवा रोड, कैट रोड व अन्य क्षेत्रों के ग्रीन बेल्ट पर बने निर्माणों की जांच कराई थी। इसमें खुलासा हुआ है कि अहीरखेड़ी क्षेत्र (कैट-हवा बंगला रोड) में एक ही पट्टी में छह मैरिज गार्डन बने हुए हैं जो ग्रीन बेल्ट पर संचालित हो रहे हैं। इसमें सेवन स्टेप्स, सुपेकर, कमला, पार्टी लांस, सिद्धार्थ परिसर शामिल हैं। ये सभी गार्डन ग्रीन बेल्ट पर बने हैं और अवैध रूप से संचालित हो रहे हैं। एक गार्डन संचालक ने माना कि पूरा बेल्ट ग्रीन बेल्ट है और बिना मंजूरी के इन्हें संचालित कर रहे हैं। हालांकि संचालक इसके बाद भी इसे वैध बता रहे हैं, उनका कहना है वे इस संपत्ति का निगम को टैक्स दे रहे हैं।
प्रशासन ने एक साल पहले सिटी पार्क में ग्रीन बेल्ट पर अवैध निर्माण तोड़ने की कार्रवाई की थी। इसके बाद से ही ग्रीन बेल्ट पर बने अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई रुकी हुई है। अब इस मामले में एक बार फिर प्रशासन सक्रिय हो रहा है। कलेक्टर पी. नरहरि ने सभी एसडीओ को पत्र जारी कर जिले में सभी ग्रीन बेल्ट पर बने निर्माणों की सूची बनवाई है। इसमें राऊ क्षेत्र और खंडवा रोड क्षेत्र में सर्वाधिक ग्रीन बेल्ट पर निर्माण मिले हैं।
कार्रवाई जल्द होगी- कलेक्टर पी. नरहरि ने बताया ग्रीन बेल्ट पर बने अवैध निर्माण को लेकर जांच कराई है। इसमें मैरिज गार्डन भी ग्रीन बेल्ट में संचालित होते पाए गए हैं। इन सभी पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
20 हजार वर्गफीट तक अवैध
अहीरखेड़ी में ग्रीन बेल्ट पर बने मैरिज गार्डनों में से कुछ में 20 हजार वर्गफीट से ज्यादा का एरिया है। ये बिना डायवर्शन और बिना वैधिक मंजूरी के बने हुए हैं। ग्रीन बेल्ट पर प्रशासन डायवर्शन नहीं करता है।
संपत्ति कर भरना निर्माण के वैध होने का दस्तावेज नहीं
संपत्ति कर नगरीय सीमा में आपकी संपत्ति होने पर लिया जाता है, जिसके बदले में नगर निगम पानी, सड़क व अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाता है। यह टैक्स भरने से निर्माण को वैधता नहीं मिलती है। संपत्ति के वैध होने के लिए उसका डायवर्शन, नक्शा मंजूरी और अन्य प्रक्रियाएं जरूरी हैं।
पूरी पट्टी में ग्रीन बेल्ट पर कब्जा
कमला मैरिज गार्डन के संचालक हरिराम ठाकुर ने भास्कर से कहा द्वारकापुरी तक पूरी पट्टी ग्रीन बेल्ट में है, जिसमें ये सभी मैरिज गार्डन बने हुए हैं। हमारे सहित किसी ने भी गार्डन निर्माण की मंजूरी नहीं ली, पर हम निगम को संपत्ति कर दे रहे हैं।
कैट रोड पर 7 स्टेप्स और कमला मैरिज गार्डन भी ग्रीन बेल्ट की जमीन पर बना दिए गए हैं।