10वीं की छात्रा से ज्यादती की कोशिश बच्चे ने शोर मचाया, आरोपी पकड़ाया
तिलक नगर के पास स्थित शक्ति नगर में शनिवार शाम को कक्षा दसवीं की एक छात्रा से दुष्कर्म की कोशिश हुई। सातवीं के एक छात्र, उसकी मां और राह चलते युवक के साहस से आरोपी को पकड़ लिया गया। लोगों ने सिटीजन काॅप पर एसओएस का सिग्नल भेजा, जिससे चंद मिनटों में पुलिस पहुंच गई।
टीआई पलासिया शिवपालसिंह कुशवाह ने बताया शक्ति नगर में रहने वाली 15 वर्षीय दसवीं की छात्रा शाम 7 बजे पैदल सहेली के यहां जा रही थी। स्ट्रीट लाइट बंद होने के कारण अंधेरा था। इस दौरान बाइक सवार युवक वहां पहुंचा। कॉलोनी के गार्डन के पास उसने छात्रा को पकड़ा और घसीटकर पास के खाली प्लॉट पर ले गया। उसने छात्रा से ज्यादती का प्रयास किया तभी छात्रा ने शोर मचाया। प्लॉट के पास वाले घर में पहली मंजिल पर सातवीं का छात्र तनिष्क गोहिल पढ़ाई कर रहा था। उसने शोर सुनकर मां अंजना को बताया। मां नीचे पहुंची और झांककर देखा तो आरोपी और छात्रा नजर आए। उनके शोर मचाने पर आरोपी भागने लगा और बाइक पर बैठ गया। इस दौरान वहां से गुजर रहे यशी दुबे रुक गए। उन्होंने आरोपी को दबोच लिया। उसने बचने की कोशिश की, लेकिन तब तक कॉलोनी का ही 11वीं का छात्र हिमांशु वहां पहुंचा। उन दोनों ने आरोपी को काबू कर लिया। आरोपी रूपेश पिता प्रेमचंद निवासी ग्वालटोली है।
ये है सिटी हीरो
तनिष्क गोहिल ने शोर मचाकर छात्रा को बचा लिया। वह ऐसा इसलिए कर पाया क्योंकि इंदौर पुलिस द्वारा स्कूलों में चलाए जा रहे जागरूकता अभियान में बच्चों को बताया जाता है कि अापराधिक घटना होते समय वह कुछ नहीं कर पाएं तो शोर मचाएं।
आरोपी रूपेश।
बेटे तनिष्क ने मां अंजना को बताया तो नीचे पहुंचीं। हिमांशु और यशी दुबे (दाएं) ने बदमाश को पकड़ा था।