होस्टल में शराब पीकर रात 2 बजे कर रहे थे हंगामा, तीन छात्र बर्खास्त
रवींद्रनाथ टैगोर बॉयज होस्टल के तीन छात्रों को बर्खास्त कर दिया। ये छात्र रात 2 बजे शराब पीकर हंगामा कर रहे थे। इनके साथ बाहर के चार अन्य छात्र भी थे। इससे परेशान होस्टल के दूसरे छात्रों ने शिकायत की थी।
चीफ वार्डन डॉ. शक्तिसिंह बैनर्जी ने जिन तीन छात्रों को निष्कासित किया उनके नाम हैं प्रियांशु, उधम और विवेक। ये स्कूल ऑफ फिजिकल एजुकेशन विभाग के थे। इनके साथ यूनिवर्सिटी के विभिन्न डिपार्टमेंट के रवींद्र, पल्लव, स्वप्निल और जयंत भी थे। चीफ वार्डन ने इनकी जानकारी देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी की अनुशासन कमेटी को भेज दी है। हालांकि सवाल उठ रहा है कि तीन छात्रों को तो होस्टल से तत्काल बर्खास्त कर दिया लेकिन बाहरी छात्रों पर अब तक कार्रवाई नहीं हुई। मामले में होस्टल से जुड़े लोगों का कहना है उन पर कार्रवाई संबंधित डिपार्टमेंट ही करेगा।
अभिभावकों को भेज
दी जानकारी
हंगामा करने वाले तीनों छात्रों के अभिभावकों तक यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने जानकारी भेज दी है।
बर्खास्त छात्र जिन संस्थानों में पढ़ते हैं, वहां भी जानकारी भेजी है। हालांकि अनुशासन समिति की अनुशंसा के बाद ही कार्रवाई होगी।
यूनिवर्सिटी के 11 में से 5 बॉयज होस्टल हैं, इनमें से दो होस्टलों से पहले भी इसी तरह की शिकायतें आई थीं, वहां भी कार्रवाई की गई थी।
कार्रवाई की है
चीफ वार्डन ने तीन छात्रों की बर्खास्तगी का पत्र भेजा है। इस मामले में कार्रवाई की गई है। इस तरह की घटनाएं अब बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। - एलके त्रिपाठी, डीन, छात्र कल्याण संकाय