ऋतुराज वसंत की दस्तक, पांच समाजों के कई जोड़े बंधेंगे परिणय सूत्र में
ऋतुराज वसंत की अगवानी को सारा शहर तैयार है। शुक्रवार को सूर्योदय से लेकर सुबह 9.16 बजे तक भद्रा रहेगी। भद्रा में पूजन एवं शुभ कार्यों का निषेध है, इसलिए सुबह 9.30 से पूजन शुरू होगा, जो मध्य रात्रि 2.32 बजे तक श्रेष्ठ है। 13 फरवरी को तिथि का क्षय हो रहा है। अनेक स्थानों पर सामूहिक विवाह, सरस्वती पूजन, विद्यारंभ संस्कार होंगे।
आचार्य पं. महेश शास्त्री के अनुसार वसंत पंचमी ज्ञान, समृद्धि, विवेक एवं यश प्रदान करने वाली देवी सरस्वती का प्राकट्य दिवस है। इस बार इससे अनेक शुभ योग-संयोग जुड़े हैं। स्कंद पुराण के अनुसार इस दिन सरस्वती पूजन सफेद फूलों, चंदन, श्वेत वस्त्रों से करना चाहिए। इसी तिथि से मौसम परिवर्तन का दौर शुरू होगा। होलिका निर्माण और फाल्गुन के गीतों की शुरुआत होगी। इसी दिन से विद्यारंभ संस्कार एवं अक्षर ज्ञान की शुरुआत करना श्रेयस्कर माना जाता है। आचार्य पं. शशांक वशिष्ठ ने बताया माघ में शुक्ल पक्ष की पंचम तिथि का दिन प्रकृति के शृंगार का भी माना जाता है। बाग-बगीचों में नाना प्रकार के पुष्प, इठलाती तितलियों और गुनगुनाते भंवरे, चहचहाते पक्षी, कोयल की मधुर कूक का मिला-जुला पर्यावरण सभी को आनंदित कर देता है। कहा जाता है वसंत पंचमी पर कामदेव और रति का पूजन भी किया जाता है। इससे दांपत्य जीवन सुखी होता है, वहीं सरस्वती पूजन से अज्ञान रूपी अंधकार दूर होता है। ब्रज क्षेत्र में राधा-गोविंद का उत्सव धूमधाम से मनता है।
वसंत फाग महोत्सव आज से-मालवीयनगर स्थित खाटूश्याम और राम-निराले हनुमान मंदिर का त्रयोदशम वसंत फाग महोत्सव शुक्रवार से मनाया जाएगा। सुबह 9 बजे मंदिर से मदनलाल शर्मा के सान्निध्य में शोभायात्रा निकलेगी। खाटू श्याम सेवक मंडल समिति के पं. पुरुषोत्तम भारद्वाज ने बताया शनिवार शाम 7 बजे कान्हा गार्डन में भजन संध्या होगी। इसमें भजन गायक भजनों की प्रस्तुति देंगे। मौके पर श्याम बाबा का फूलों से शृंगार होगा।
तीन दिनी वार्षिकोत्सव आज से- बिचौली मर्दाना स्थित वैष्णवधाम मंदिर का तीन दिनी वसंत वार्षिकोत्सव मनाया जाएगा। सुबह 9 बजे मंदिर प्रांगण से यज्ञ स्थल तक शोभायात्रा निकाली जाएगी। जागृति महिला मंडल की विनोद अहलूवालिया ने बताया मंदिर में विराजित मां दुर्गा, मां काली, मां सरस्वती और शिव परिवार का शृंगार किया जाएगा। अभिषेक, पूजन, यज्ञ-हवन और कथा का वाचन होगा। तीन दिन तक पंचकुंडीय यज्ञ किया जाएगा। वार्षिकोत्सव का समापन 14 फरवरी को होगा।
वैष्णव महालक्ष्मी प्रतिष्ठा उत्सव कल- यशवंतगंज स्थित प्राचीन रामानुज कोट मंदिर में 13 फरवरी को वसंत पंचमी उत्सव मनाया जाएगा। आयोजन मंदिर के गादीस्थ प्र.भ. रंगाचार्य महाराज के सान्निध्य व प्र.भ. विजयाचार्य स्वामी के मार्गदर्शन में होगा। ट्रस्ट अध्यक्ष बी.के. झंवर ने बताया सुबह 10 बजे मंदिर में प्रतिष्ठित पद्मावती-महालक्ष्मी का अभिषेक होगा। दोपहर को मंदिर परिसर से चांदी के रथ में महालक्ष्मी की सवारी निकाली जाएगी।
कुमावत समाज- क्षत्रिय कुमावत समाज के 22 जोड़ों का नि:शुल्क विवाह कनकेश्वरी धाम आईटीआई रोड पर होगा। सुबह 9.30 बजे चल समारोह निकलेगा। संयोजक सतीश देवाल ने बताया सुबह 6 बजे गणेश पूजन, 7 बजे मंडप सजेगा। दोपहर 12.30 बजे वरमाला होगी। प्रत्येक युगल के लिए पंडित, एक वेदी एवं तोरण की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, महापौर मालिनी गौड़ आदि विशेष अतिथि होंगे।
मारू समाज- मारू प्रजापति समाज उत्कर्ष संगठन द्वारा सामूहिक विवाह किला मैदान के समीप दलालबाग पर किया जाएगा। संगठन के बद्रीलाल छापरवाल ने बताया 12 जोड़ों का विवाह होगा।
लोधी समाज- लोधी समाज आदर्श समिति द्वारा सामूहिक विवाह रामबाग, पंत वैद्य कॉलोनी स्थित आरएसएस ग्राउंड पर होगा। सुबह 9 से शाम 5 बजे तक चलेगा। संयोजक नर्मदा प्रसाद कौशल ने बताया 8 जोड़ों का विवाह होगा।
खटीक समाज- खटीक संघ द्वारा सामूहिक विवाह बंगाली क्लब के समीप ऋतुराज मांगलिक भवन में होगा। अध्यक्ष पूनम सिलावट ने बताया 14 जोड़ों का विवाह होगा। चल समारोह दोपहर 2 बजे छावनी चौराहा से निकलेगा।
प्रजापति समाज- प्रजापति समाज का सामूहिक विवाह अजमेर स्थित रेलवे बिसिट कचहरी रोड पर होगा। समाज के प्रवक्ता महेश कश्यप ने बताया इसमें 25 जोड़ों का विवाह होगा।
आज विभिन्न समाजों में सामूहिक विवाह समारोह होंगे