उज्जैन सिंहस्थ : शिव-शक्ति महायज्ञ में देंगे 12 लाख 51 हजार आहुतियां
उज्जैन | सिंहस्थ 2016 की सफलता और जनकल्याण की भावना से श्री गुमानदेव हनुमान मंदिर पिपलीनाका के पास मैदान में निर्मित श्री अवंतिका महाकाल मंडपम् प्रांगण में 13 से 20 फरवरी तक शिव-शक्ति महायज्ञ होगा। जिसमें 12 लाख 51 हजार से अधिक आहुतियां डाली जाएगी। यज्ञ से पूर्व 13 फरवरी की सुबह 9 बजे महाकाल मंदिर से शोभायात्रा निकलेगी। महाकाल के पुजारी प्रदीप गुरु द्वारा ये यज्ञ कराया जा रहा है।
यह जानकारी यज्ञ के आचार्य पं. निर्मल जोशी, आयोजन समिति के अध्यक्ष कुलदीप जोशी, सचिव रितेश शर्मा ने गुरुवार को पत्रकारवार्ता में दी। यज्ञ के मुख्य यजमान इंदौर के पुरुषोत्तम अग्रवाल होंगे। प्रतिदिन सुबह 6 से 2 बजे तक यज्ञ चलेगा एवं दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक उज्जैन के पं. हरिनारायण शास्त्री की भागवत होगी। अग्नि आह्वान के साथ यज्ञ शुरू होगा। आयोजन की तैयारी में जुटे मनोज बगाया, उमेश पंड्या, मोहित ठाकुर, वीरेन्द्र शर्मा, राजेन्द्र सिसौदिया ने संयुक्त रूप से बताया यज्ञ में आम लोग आहुति दे सकेंगे। 21 फरवरी को भंडारा होगा।
महाकाल मंदिर से निकलने वाली शोभायात्रा में इंदौर के राजकमल व उज्जैन के बैंड, ढोल, घोड़े, बग्घी, फूल उड़ाती तोप, भजन मंडलियां, साधु-संत, महाकाल के पंडे-पुजारी, गणमान्य नागरिक, 1100 महिलाएं शामिल होगी। 4 किलो मीटर लंबे यात्रा मार्ग पर 2 हजार भगवा ध्वज लगेंगे। फ्लावर डेकोरेशन करेंगे। महाकाल से गुदरी, गोपाल मंदिर, कंठाल, निकास, अंकपात होकर यात्रा यज्ञ स्थल पर समाप्त होगी।
समिति के पुजारी बबलू गुरु ने बताया यज्ञ में जूनापीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर श्री अवधेशानंद गिरि महाराज, आचार्य देव प्रभाकर शास्त्री (दद्दाजी), राष्ट्रीय संत उत्तम स्वामी, महामंडलेश्वर शांतिस्वरूपानंद महाराज, रामानुजकोट के स्वामी रंगनाथाचार्य महाराज, महामंडलेश्वर राजराजेश्वरानंद महाराज, 108 महंत कमलदास महाराज सहित कई संत-महंत आहुतियां प्रदान करेंगे।
-