सड़क पर झुके पेड़ से टकराई तेज रफ्तार बस, ड्राइवर-कंडक्टर घायल
एक निजी स्कूल की बस गुरुवार शाम को स्कीम नं. 78 में डिवाइडर से सड़क की तरफ झुके पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और वह पलट गई। बस ड्राइवर और कंडक्टर घायल हो गया। गनीमत रही कि बस में बच्चे नहीं थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कीम नं. 78 स्थित डेजी डेल्स सीनियर सेकंडरी स्कूल की बस एमपी-09 एफए-6149 एबी रोड से शाम करीब चार बजे ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर की तरफ मुड़कर तेज गति से जा रही थी। करीब दो सौ मीटर दूर रांग साइड से अचानक सामने एक बाइक सवार आ गया। उसे बचाने की कोशिश में ड्राइवर ने बस दाएं तरफ मोड़ी, जिससे ड्राइवर साइट के ऊपर का हिस्सा पेड़ से टकरा गया। बस की गति इतनी ज्यादा थी कि पूरी बस का ऊपरी हिस्सा पेड़ में घुस गया और बस पलट गई। जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े-दौड़े बाहर पहुंचे।
पुलिस से भिड़े स्कूल वाले
ट्रैफिक पुलिस की क्रेन मौके पर पंहुची। बस को सीधा करने की कोशिश में बस असंतुलित होकर सड़क पर ही पलट कर गिरी। इसके बाद लोगों ने धकेलकर बस को सीधा किया। स्कूल की तरफ से प्रिंसिपल डॉ. नमिता भटनागर व अन्य स्टाफ पहुंचा। स्कूल वाले बस को ले जाना चाहते थे, लेकिन पुलिस जवानों ने कहा- हादसा हुआ है तो बस थाने पर जाएगी। इस बात को लेकर स्कूल वालों और पुलिस में बहस हो गई। बाद में लोगों के समझाने पर स्कूल वाले माने और पुलिस बस को जब्त कर थाने ले गई।
टक्कर के बाद बस के परखच्चे उड़ गए। बाद में पुलिस ने बस जब्त कर ली।