भोजशाला में शांति बनाए रखना राज्य व केंद्र सरकार का दायित्व : सिंधिया
धार, भोजशाला में शांति बनाना राज्य और केंद्र सरकार का दायित्व है। हम दुआ करेंगे कि वहां शांति से पूजा और नमाज दोनों हो जाएं। यह बात गुरुवार को एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा के दौरान कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कही। उन्होंने कहा- मेहर में भाजपा छल-बल का चुनाव लड़ रही है। जनता का रुझान कांग्रेस के पक्ष में है। खास बात तो यह है कि वहां पीएम नरेंद्र मोदी का चित्र तक उन्हें नजर नहीं आया। वहां पर भाजपा का ग्राफ गिर रहा है।
स्मार्ट सिटी के मामले में पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद सिंधिया ने कहा- नारे देना भाजपा का काम है, लेकिन जिस तरह किसान देश और राज्य में परेशान हैं, महिलाओं पर अत्याचार बढ़ रहा है, गांव में हालत खराब है, ऐसे में भाजपा के ये नारे फेल हैं। इन समस्याओं को हल करना जरूरी है। आईपीएल मैच को लेकर उन्होंने कहा- मैच पहले भी हो चुके हैं। इंदौर की जनता इसका पूरा आनंद उठाए। वहीं उनके साथ मौजूद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने कहा- मेहर चुनाव सच और झूठ का चुनाव है। मां शारदा की नगरी में कांग्रेस का परचम लहराएगा। भोजशाला मामले में उन्होंने कहा- सरकार न्यायालय के फैसले का पालन करवाए। पूरे प्रदेश में अमन-चेन कायम रखना सरकार की नैतिक जिम्मेदारी है। यादव ने कहा- किसान बीमा योजना बड़ी बीमा कंपनियों को लाभ दिलाना है।
उन्होंने बीमा योजना को फर्जी बताते हुए कहा- अगर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान इस संबंध में नरेंद्र मोदी से मिलेंगे तो वे भी साथ में जाकर इस समस्या का हल उन्होंने बताएंगे। स्मार्ट सिटी को लेकर उन्होंने कहा- स्मार्ट सिटी के पहले स्मार्ट विलेज बनाएं। विमानतल पर उनका स्वागत तुलसी सिलावट, सत्तू पटेल, प्रमोद टंडन, नरेंद्र सलूजा, राजेश चौकसे, राजूसिंह चौहान, शेख अलीम सहित अन्य समर्थक मौजूद थे।