सेंट्रल बैंक मुंबई की टीम चैंपियन बनी
सेंट्रल बैंक मुंबई की टीम लक्ष्मण सिंह गौड़ स्मृति ऑल इंडिया फुटबॉल स्पर्धा में चैंपियन रही। उसने खिताबी मुकाबले में रॉयल क्लब महू को 2-0 से हराया। लगभग 7 हजार दर्शकों की उपस्थिति में विजेता टीम के लिए तीसरे मिनट में ऋषिकेश शिंदे और 21वें मिनट में डेविड मैथ्यू ने गोल दागे।
मुंबई को आकर्षक ट्रॉफी के साथ 1 लाख और उपविजेता रॉयल क्लब को 51 हजार रुपए की इनामी राशि दी गई। शास्त्री क्लब द्वारा चिमनबाग मैदान पर आयोजित स्पर्धा में मुंबई ने दोनों गोल पहले हाफ में किए। लगातार उलटफेर कर फाइनल में पहुंची रॉयल क्लब ने दूसरे हाफ में वापसी के काफी प्रयास किए लेकिन गोल करने में सफलता नहीं मिली। स्पर्धा का पुरस्कार वितरण महापौर मालिनी गौड़, विधायकद्वय सुदर्शन गुप्ता, राजेश सोनकर, सभापति अजयसिंह नरूका के आतिथ्य में हुआ। इस मौके पर एमआईसी सदस्य अश्विनी शुक्ला, पार्षद जगदीश धनेरिया, दीपिका नाचण, जसराज मेहता भी मौजूद थे।
स्थानीय टीमों को भी मिले पुरस्कार
इस स्पर्धा में मुख्य दौर के लिए क्वालिफाई करने वाली रॉयल क्लब के साथ ही इंदौर यूनाइटेड, आदिवासी क्लब, एसएफ बॉयज को प्रोत्साहन स्वरूप 25-25 हजार रुपए की इनामी राशि दी गई। स्पर्धा में बेस्ट गोलकीपर अफाक खान (रॉयल क्लब), डिफेंडर नुमान अंसारी (मुंबई), मिड फिल्डर एंड्रयू (मुंबई), फॉरवर्ड शुभम माने (रॉयल क्लब) तथा टूर्नामेंट ऑफ प्लेयर रॉबिन सिंह जाय (नीमच) रहे।
कर्नल एकेडमी को खिताब
इंदौर | चोइथराम इंटरनेशनल स्कूल द्वारा आयोजित इंटर स्कूल बास्केटबॉल स्पर्धा में कर्नल एकेडमी ने चोइथराम नॉर्थ कैम्पस को 17-15 से हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। सागर यादव सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए। फुटबॉल में चोइथराम ने अग्रवाल पब्लिक स्कूल को हराया। जयेश पाटवाला को श्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
चैंपियन सेंट्रल बैंक मुंबई की टीम ट्रॉफी व अतिथियों के साथ।