- Hindi News
- National
- रातभर दरवाजे पर रुकी रही बरात, दुल्हन की उम्र के लिए की गई दस्तावेजों की जांच
रातभर दरवाजे पर रुकी रही बरात, दुल्हन की उम्र के लिए की गई दस्तावेजों की जांच
द्वारकापुरी क्षेत्र की आस्था पैलेस कॉलोनी के एक घर में शनिवार को बेटी की शादी की सुबह से रौनक थी। रात को चंदननगर क्षेत्र से बरात घर पहुंची ही थी कि महिला व बाल विकास विभाग का लाडो अभियान का दस्ता पहुंच गया। प्रशासन को शिकायत मिली थी कि जिस लड़की की शादी हो रही है, वह नाबालिग है। प्रशासन ने दुल्हन के परिवार वालों से उम्र की जांच के लिए स्कूल की मार्कशीट व अन्य दस्तावेजों की मांग की। परिवार वालों ने बताया वे सनावद के रहने वाले हैं और तीन माह पहले ही इंदौर आए हैं, इसलिए दस्तावेज नहीं हैं। इस पर लाडो अभियान के प्रमुख महेंद्र पाठक ने दस्तावेज की जांच के बिना शादी नहीं होने की बात कही और परिवार वालों से बात कर बरात पास ही में एक कमरे में रुकवा दी गई। महेंद्र पाठक व देवेंद्र पाठक बरात के साथ रात तीन बजे तक मौके पर ही रहे कि कहीं परिवार वाले रात में शादी नहीं कर दें। रविवार सुबह दस्तावेज आए। जन्मपत्रिका दिखाई गई, जिसके हिसाब से उम्र 18 साल से ज्यादा थी। इसके बाद अधिकारियों ने शादी करने की मंजूरी दी। तैयारियां रुक जाने के चलते अब परिवार वाले सोमवार को शादी करेंगे।
घर के बाहर बैठे बराती।