छह महीने तक बंद रहेगा बायपास का एक हिस्सा
इंदौर से देवास को जोड़ने वाले बायपास स्थित बिचौली मर्दाना चौराहे पर अंडरपास बनाया जाएगा। इसका काम जल्द शुरू किया जाएगा। शनिवार से बिचौली मर्दाना स्थित बायपास का हिस्सा पूरी तरह बंद कर दिया गया है। सड़क के दोनों हिस्सों पर मिट्टी बिछा दी गई है। सभी छोटे-बड़े वाहनों को सर्विस रोड से गुजरना होगा। दोनों तरफ जाने वाला रास्ता बंद होने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति यह हुई कि बिना सूचना के रोड बंद होने से वाहन चालक कुछ समझ ही नहीं पाए। इसके चलते एक बड़े हिस्से में जाम लग गया। सुबह से शाम तक वाहन चालक परेशान होते रहे। हालांकि प्रशासन का कहना सर्विस रोड पर वाहन आसानी से गुजर सकें, इसके लिए माकूल इंतजाम किए जा रहे हैं।
सुबह बिचौली मर्दाना चौराहे स्थित बायपास पर गायत्री कंस्ट्रक्शन कंपनी और एनएचएआई के अधिकारियों ने लगभग एक घंटा निरीक्षण किया। एनएचएआई अधिकारियों का कहना था कि यहां इस हिस्से में अंडर पास प्रस्तावित था, अब इसका काम शुरू किया जा रहा है। इस काम में कम से कम छह माह का वक्त लगेगा, तब तक वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से ही गुजरना होगा। एनएचएआई प्रोजेक्ट डायरेक्टर सुमित कुमार ने बताया अंडरपास का कार्य जल्द ही शुरू हो जाएगा। इसके लिए ट्रायल भी किया गया। वाहनों का आना-जाना सुगमता से हो इसके लिए सर्विस रोड को दुरुस्त किया जाएगा।
बिचौली मर्दाना चौराहा बायपास पर मिट्टी डालकर रोड बंद कर दिया गया।