धार/इंदौर.शुक्रवार को जब सूरज पूरे शबाब पर था, धार के जबरदस्त गर्म माहौल के बीच भोजशाला के बाहर सुलह की एक ठंडी बयार आई। टकराव की तमाम आशंका और अटकलों के बीच पूजा और नमाज शांति से संपन्न हो गई। प्रशासन ने चैन की सांस ली और सरकार ने भी।
एक तरफ अफसर गले मिले तो दूसरी तरफ यहां डेरा डाले प्रभारी मंत्री नरोत्तम मिश्रा को मुख्यमंत्री ने ‘वेलडन’ कहकर खुश कर दिया। शहर का माहौल भी तेजी से बदला। सुरक्षाबलों की रवानगी शुरू होने लगी। शाम को बाजार भी खुलते नजर आए। इस बीच एक इलाके में कुछ असामाजिक तत्वों ने पत्थर उछालने की कोशिश की लेकिन उन्हें हवा न मिल सकी। यानी सब कुछ अच्छे से हो गया।
दोपहर 1 बजे से पहले 19 लोगों ने पढ़ी नमाज
भोजशाला की छत पर लगाए गए टेंट में प्रशासन ने नमाज अदा करवाई। दोपहर 1 बजे से पहले 19 लोगों ने नमाज पढ़ी। संभागायुक्त संजय दुबे औए एडीजी विपिन माहेश्वरी ने कहा कि नमाज में दो घंटे नहीं लगते हैं। इसलिए नमाज के बाद पूजन फिर शुरू कर दिया।