- Hindi News
- कोयला दिलाने के नाम पर डेढ़ करोड़ की धोखाधड़ी
कोयला दिलाने के नाम पर डेढ़ करोड़ की धोखाधड़ी
विदेशसे सीधे कोयला दिलाने के नाम पर एक कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर (एमडी) के साथ पांच लोगों ने डेढ़ करोड़ रुपए की धोखाधड़ी की है। आरोपियों ने रुपए लेने के बाद भी कोयला नहीं दिया। रुपए वापस मांगे तो टालते रहे। एमडी ने पांचों के खिलाफ पुलिस में केस दर्ज कराया है।
पलासिया पुलिस के अनुसार सौरभ पिता विनोद कुमार जैन निवासी विजय नगर ने जयंत सिन्हा निवासी नरिमन पाइंट, जयदीप बसु, परमीत रॉय निवासी कोलकाता, मदनलाल जैन निवासी विजय नगर और चटर्जी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज करवाया हैं। सौरभ जैन सन्मति कोल एंड कोक्स प्राइवेट लिमिटेड में मैनेजिंग डॉयरेक्टर है। उन्होंने बताया मदनलाल जैन उनके पास आया और भारत के बाहर से सीधे कोयला दिलवाने की बात कही। उसने जयंत सिन्हा से मिलवाया। जयंत ने स्वयं को मेसर्स वेरिकॉल इंटरनेशनल कंपनी से जुड़ा बताया। उसने बताया कि उनकी कंपनी की एक ब्रांच सिंगापुर में है, जिससे वे कोयला दिलवाएंगे। बातचीत के बाद 55 हजार टन एमटी स्टीम कोयला खरीदने के लिए एग्रीमेंट हुआ। मगर कोयला नहीं दे पाने के चलते एग्रीमेंट कैंसिल कर दिया गया। आरोपियों ने फिर संपर्क किया और कहा वे आर आईजी कंसल्टेंट कंपनी से कोयला दिलवाएंगे। इसके लिए उन्होंने लेटर ऑफ क्रेडिट भी जारी किया। इस पर उन्होंने 8 करोड़ 40 लाख रुपए मांगे, तो मना कर दिया। बाद में मामला डेढ़ करोड़ रुपए में तय हुआ और उन्हें रुपए भी दे दिए। इसके बदले में वे 25 हजार टन कोयला देने वाले थे। जिसका एग्रीमेंट भी हुआ। मगर वे कोयला वक्त पर नहीं दे पाए। आरोपी कहने लगे जो कोयला देने वाले थे वह दूसरे देश में चला गया है। कुछ समय बाद उन्हें कोयला की सप्लाई करेंगे। मगर वे कोयला नहीं सप्लाई कर सके। उसने रुपए वापस मांगे तो उन्होंने 45 लाख रुपए लौटा दिए। शेष राशि के लिए उन्हें फोन लगाए तो वे एक-दूसरे पर टालने लगे। कुछ महीनों बाद भी उन्होंने रुपए नहीं लौटाए तो पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस जांच कर रही है।