- Hindi News
- हथिनी प्रतिमा का जू में 15 दिन और चलेगा इलाज
हथिनी प्रतिमा का जू में 15 दिन और चलेगा इलाज
कमलानेहरू प्राणी संग्रहालय में लाई गई घायल हथिनी प्रतिमा को पूरी तरह ठीक होने के बाद प्रदेश के बाहर छोड़ा जाएगा। उसे उत्तर प्रदेश के आगरा भेजा जा सकता है। इसका अंतिम निर्णय वन विभाग को लेना है। फिलहाल जू प्रबंधन का कहना है कि कम से कम 15 दिन उसका इलाज और चलेगा। उसके बाद ही उसे छोड़ा जाएगा।
वन विभाग और जू प्रबंधन के अनुसार प्रतिमा अब पूरी तरह कभी ठीक नहीं हो पाएगी। ऐसे में उसे दोबारा महावत को नहीं सौंपा जा सकता। वन्य प्राणी सुरक्षा अधिनियम की गाइड लाइन के तहत भी उसे अब हाथियों के लिए अलग से बने किसी रेस्क्यू सेंटर में छोड़ा जाएगा। फिलहाल उसे आगरा भेजने की तैयारी है। वहां एलिफेंट कंजरवेशन एंड केयर सेंटर है। संभवत: उसे वहीं छोड़ा जाएगा। अभी तक यह हथिनी महावत के साथ थी लेकिन पिछले माह वह चंदन नगर के समीप घायल हो गई थी। उसके पैर में गंभीर चोट थी। वह 10 दिन तक एक ही जगह खड़ी रही। बाद में वन विभाग ने उसका इलाज शुरू करवाया। फिर उसे जू लाया गया।