आई बसों पर ध्यान, सिटी बसों को भूले
एआईसीटीएसएलकी वेबसाइट के मुताबिक शहर में 29 रूटों पर सिटी बस चल रही है, लेकिन हकीकत यह है कि इनमें से छह फीडर रूटों पर यात्रियों ने महीनों से सिटी बस की शक्ल नहीं देखी है। इनमें रूट नंबर 10, 15 और 18 तो व्यस्ततम सड़कों में शुमार हैं। विजयनगर क्षेत्र की कॉलोनियों को फूटी कोठी, महू नाका और सुदामानगर जैसे पश्चिमी क्षेत्र के प्रमुख इलाकों से जोड़ने वाली एकमात्र 22 नंबर सिटी बस (फूटी कोठी से निरंजनपुर) तो अपनी शुरुआत के कुछ समय बाद ही सड़क से गायब है। निपानिया से गांधीनगर (रूट-3) का अचानक रूट बदल दिया गया। निपानिया से बड़ा गणपति तक सिटी बस (रूट नंबर-10) का बंद होना भी आमजन की समस्या बढ़ा रहा है। तीन नंबर के अलावा बड़ा गणपति क्षेत्र के लिए यही बस उपलब्ध थी। उधर, तेजाजीनगर से गोम्मटगिरी वाली बस (रूट-7) का मार्ग भी बदल गया है।