- Hindi News
- व्यासफला की मल्टी में नशेड़ी गुंडों का उत्पात
व्यासफला की मल्टी में नशेड़ी गुंडों का उत्पात
रावजीबाजार थाना क्षेत्र के व्यास फला की एक मल्टी में रविवार शाम क्षेत्र के गुंडों ने उत्पात मचाया और एक बाइक कार फोड़ दी। नशेड़ी बदमाश हथियार लेकर मल्टी में घुसे तो रहवासी भी एकजुट हो गए।
सीएसपी शशिकांत चौरसिया ने बताया घटना सिद्दी विनायक अपार्टमेंट की है। यहां रहने वाली कविता दाधीचि ने बताया शाम को अपार्टमेंट के चौकीदार से इलाके के बदमाश आदि उर्फ आदित्य उसके साथियों ने शराब पीने के लिए पानी मांगा। चौकीदार ने मल्टी के अध्यक्ष का नाम लेकर पानी देने से इनकार किया तो बदमाशों ने गाली गलौज कर मल्टी के नीचे खड़ी कार बाइक फोड़ दी। मल्टी के लोग एकजुट होकर आए तो अचानक बिजली गुल हो गई। अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाशों ने घरों पर पत्थर फेंके और कई वाहनों में तोड़फोड़ कर लोगों से मारपीट की। दोनों पक्षों में काफी देर विवाद चला। पुलिस मौके पर पहुंची। रावजी बाजार टीआई सी एस चढ़ार ने बताया मल्टी के पास एक खाली प्लॉट है। यहां बदमाश आदित्य साथियों के साथ शराब पीने आया था। पुलिस ने तीनों बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
घटना को लेकर व्यास फला के रहवासी सड़क पर उतर आए। लोगों ने कहा-शाम होते ही क्षेत्र में गुंडों का आतंक हो जाता है, महिलाएं घरों से निकलने में डरती हैं। रहवासियों ने विधायक उषा ठाकुर को घटना की जानकारी दी तो उन्होंने फोन पर ही टीआई सीएसपी से बात की। विधायक ने कहा आप लोग इन गुंडों का जुलूस नहीं निकालेंगे तो मैं खुद डंडा लेकर इनका जुलूस निकालूंगी। सीएसपी ने उन्हें सख्त कार्रवाई के लिए आश्वस्त किया और एक बदमाश के पकड़े जाने की जाने की जानकारी दी।