अब चुनाव की जानकारी एसएमएस से
मांगीलाल चौहान | इंदौर @mlchouhanindore
सहकारीसंस्थाओं से जुड़े लोगों के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें उनकी संस्थाओं के चुनाव अन्य गतिविधियों की जानकारी मोबाइल पर एसएमएस से मिल सकेगी। यह उनके लिए अत्यंत उपयोगी इसलिए सिद्ध होगा क्योंकि प्राय: संस्थाओं के चुनाव कागज पर हो जाते हैं और बाद में सदस्यों को पता चलता है। राज्य सहकारिता निर्वाचन प्राधिकारी प्रभात पाराशर ने यह शुरुआत इंदौर से की है। बाद में इसे पूरे प्रदेश में लागू करने की योजना बनाई जाएगी।
इस तरह की शिकायतें आम हैं कि सहकारी संस्थाओं, खासकर गृह निर्माण सहकारी संस्थाओं के चुनाव कार्यक्रम की जानकारी सदस्यों तक पहुंचाए बगैर चुनाव हो जाते हैं। इस कारण सदस्य चुनाव कार्यक्रम में भाग नहीं ले पाते। चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी हों इसलिए राज्य सहकारिता निर्वाचन प्राधिकारी ने आदेश जारी किया कि सभी संस्थाएं अपने सदस्यों के मोबाइल नंबर सदस्यता सूची में शामिल करें। जब भी संस्थाओं के चुनाव हों तो सभी सदस्यों को चुनाव की जानकारी समय-समय पर मोबाइल पर एसएमएस के जरिए दी जाए।